गुजरात के जूनागढ़ जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक को लडक़ी से बात करना इतना भारी पड़ गया कि उसे जानलेवा हमले का शिकार होना पड़ा। लडक़ी के मामाओं को युवक का उनकी भांजी से बात करना बिल्कुल पसंद नहीं था। इसी रंजिश के चलते मामाओं ने बीच सडक़ पर फिल्मी स्टाइल में युवक की बाइक को अपनी तेज रफ्तार कार से रौंद डाला। शुरुआत में यह पूरा मामला एक सामान्य सडक़ हादसा लग रहा था, लेकिन जब पुलिस के हाथ घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज लगा, तो इस खौफनाक साजिश की पूरी सच्चाई दुनिया के सामने आ गई।
हादसे की आड़ में रची गई थी हत्या की खौफनाक साजिश
दिल दहला देने वाली यह घटना जूनागढ़ जिले के मांगरोल इलाके की है। बीते 10 जून को मांगरोल-कामनाथ रोड पर दो युवक अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक उछलकर सडक़ पर गिर पड़े और कार सवारों ने उन्हें कुछ दूर तक घसीटा भी। इस जानलेवा हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत ही गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
सीसीटीवी कैमरे ने खोल दिया झूठे एक्सीडेंट का राज
इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों को लगा था कि इसे कोई भी एक आम सडक़ दुर्घटना ही समझेगा। पुलिस भी शुरुआत में इसे दुर्घटना मानकर ही जांच कर रही थी, लेकिन जब इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो कहानी ही पलट गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा था कि कार सीधे बाइक की तरफ बढ़ती है और जानबूझकर उसे रौंद देती है। जांच अधिकारियों ने दावा किया है कि यह कोई टक्कर नहीं थी, बल्कि बाइक सवारों को जान से मारने के इरादे से किया गया सीधा हमला था।
चेतावनी न मानने पर दिया वारदात को अंजाम, दोनों आरोपी गिरफ्तार
जांच आगे बढऩे पर पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की पहचान शेपा गांव के रहने वाले याकूब घमेरिया और अनवर घमेरिया के रूप में की, जो रिश्ते में उस युवती के सगे मामा हैं। पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि पीडि़त युवक और आरोपियों की भांजी के बीच बातचीत होती थी, जिससे दोनों मामा बेहद खफा थे। उन्होंने पहले भी युवक को धमकी देकर भांजी से दूर रहने की चेतावनी दी थी। जब युवक ने उनकी बात नहीं मानी, तो उन्होंने उसे रास्ते से हटाने के लिए इस सडक़ हादसे का खूनी प्लान बना डाला। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मांगरोल पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी मामाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस उनसे सख्ती से पूछताछ कर रही है।








