थाईलैंड की राजकुमारी बज्रकितियाभा नरेन्द्रदेब्यावती का 47 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह पिछले 3 साल से कोमा में थीं और लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। उनके निधन पर भारत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास ने थाई शाही परिवार और थाईलैंड की जनता के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में भारत की संवेदनाएं थाईलैंड के राजा, शाही परिवार और देशवासियों के साथ हैं। दूतावास ने कहा कि पब्लिक सर्विस और कूटनीति के क्षेत्र में राजकुमारी का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
थाईलैंड के सरकारी जनसंपर्क विभाग और प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी राजकुमारी के निधन की पुष्टि की। थाई सरकार ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि राजा महा वजिरालोंगकोर्न की सबसे बड़ी पुत्री राजकुमारी बज्रकितियाभा ने 11 जून 2026 को अंतिम सांस ली। राष्ट्र के प्रति उनकी आजीवन सेवा और समर्पण आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। शाही गृह ब्यूरो के मुताबिक, राजकुमारी का निधन गुरुवार शाम बैंकॉक के किंग चुलालोंगकोर्न मेमोरियल अस्पताल में हुआ, जहां उनका लगातार इलाज चल रहा था।
ब्यूरो ने बताया कि डॉक्टरों की निगरानी और इलाज के बावजूद उन्होंने शाम 7 बजकर 48 मिनट पर शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। राजकुमारी को 15 दिसंबर 2022 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह उस समय नाखोन राचासीमा प्रांत के पाक चोंग जिले में अपने पालतू कुत्ते के साथ ट्रेनिंग कर रही थीं, तभी दिल से जुड़ी समस्या के कारण अचानक गिर पड़ी थीं। इसके बाद उनकी हालत लगातार गंभीर होती चली गई। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बड़ी आंत में सूजन के कारण उनके पेट में गंभीर संक्रमण हो गया था। इससे शरीर के कई अंग प्रभावित हुए।
संक्रमण के कारण उनका ब्लड प्रेशर काफी कम हो गया, हृदय की धडक़न अनियमित हो गई और खून के थक्के बनने की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई। पिछले कुछ महीनों में उनकी स्थिति और अधिक बिगड़ गई थी। बैंकॉक पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, उनके निधन के बाद राजा महा वजिरालोंगकोर्न ने शाही परंपरा के अनुसार सर्वोच्च सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संबंधी सभी राजकीय अनुष्ठान आयोजित करने का निर्देश दिया है। राजकुमारी के पार्थिव शरीर को बैंकॉक स्थित ग्रैंड पैलेस के फिमान रत्ताया थ्रोन हॉल में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
राजकुमारी बज्रकितियाभा का जन्म 7 दिसंबर 1978 को हुआ था। वह राजा महा वजिरालोंगकोर्न और राजकुमारी सोमसावली क्रोम मुएन सुद्धानारिनाथा की सबसे बड़ी पुत्री थीं। कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने टेलीविजन पर प्रसारित अपने संदेश में कहा कि राजकुमारी थाईलैंड का गौरव थीं। उन्होंने कहा कि दयालुता, न्याय और समानता पर आधारित समाज के निर्माण के लिए उनका समर्पण देश के लिए हमेशा नैतिक प्रेरणा बना रहेगा। राजकुमारी बज्रकितियाभा सामाजिक सेवा और कानूनी क्षेत्र में अपने कार्यों के लिए विशेष रूप से जानी जाती थीं।








