ग्राम पंचायतों में जनसहभागिता से तैयार किए जा रहे हजारों सीड बॉल
नर्मदापुरम/ कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति से जुड़ाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “नवांकुर अभियान” अंतर्गत सीड बॉल निर्माण अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान दिनांक 04 जून 2026 से 21 जून 2026 तक जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में चलाया जा रहा है। जनपद पंचायत माखन नगर एवं नर्मदापुरम अंतर्गत ग्राम पंचायतों में व्यापक जनसहभागिता के साथ सीड बॉल निर्माण कार्य प्रगतिरत है।
सीड बॉल (Seed Ball) मिट्टी, खाद एवं बीजों का एक छोटा गोलाकार मिश्रण होता है, जिसे बीजों को पक्षियों, कीड़ों एवं कठोर मौसम से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से तैयार किया जाता है। मिट्टी एवं खाद की परत बीजों को संरक्षण प्रदान करती है तथा उन्हें सूखने अथवा जानवरों का भोजन बनने से बचाती है। वर्षा होने पर यह बॉल धीरे-धीरे गल जाती है और उसमें मौजूद खाद बीजों को आवश्यक पोषण प्रदान करती है, जिससे पौधों का अंकुरण प्रारंभ हो जाता है। यह तकनीक कम खर्चीली, सरल एवं पर्यावरण अनुकूल है, जिसे कोई भी व्यक्ति आसानी से तैयार कर उपयोग में ला सकता है।
अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ा जा रहा है। आजीविका समूह, प्रस्फुटन समिति, नवांकुर समिति एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता से विभिन्न प्रकार के बीजों का संकलन किया जा रहा है। इनमें मुख्य रूप से नीम, जामुन, करंजी, महुआ, सीताफल, आम, बहेड़ा एवं गुलमोहर जैसे वृक्षों के बीज शामिल हैं। इन बीजों से बड़े स्तर पर सीड बॉल तैयार किए जा रहे हैं, जिनका उपयोग आगामी दिनों में विशेष अभियान चलाकर खाली एवं अनुपयोगी भूमि पर वृक्षारोपण हेतु किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए नागरिकों से अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की गई है, ताकि पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र विस्तार की दिशा में सामूहिक प्रयासों को नई गति मिल सके।







