स्टील प्लांट में पिघले स्टील की चपेट में आए 8 मजदूरों की मौत

Join Us

 -विशाखापट्टनम स्टील प्लांट में लेडल फटने से हुआ हादसा
-कई कर्मचारी घायल, राहत-बचाव कार्य जारी, गृह मंत्री ने मांगी विस्तृत रिपोर्ट
विशाखापट्टनम,(ए.)। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित स्टील प्लांट में सोमवार को हुए भीषण औद्योगिक हादसे में कम से कम आठ कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। दुर्घटना प्लांट की एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी में उस समय हुई, जब अत्यधिक तापमान पर मौजूद पिघले हुए स्टील से भरा एक लेडल अचानक फट गया और बड़ी मात्रा में स्टील का रिसाव होने लगा।
हादसे के बाद पूरे संयंत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज धमाके के साथ पिघला हुआ स्टील आसपास फैल गया, जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। दुर्घटना के बाद कर्मचारियों और अधिकारियों ड्डने जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ लगाई। विशाखापट्टनम स्टील प्लांट सर्किल इंस्पेक्टर केसव राव ने हादसे की पुष्टि करते हुए मीडिया को बताया कि दुर्घटना में आठ कर्मचारियों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट के सुरक्षा कर्मी, अग्निशमन दल और आपदा प्रबंधन टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया गया और आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र को घेरकर अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
गृहमंत्री ने दिए राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश
हादसे पर आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वांगलापुडी अनीता ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने विशाखापट्टनम जिला कलेक्टर और शहर के पुलिस आयुक्त से फोन पर बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मंत्री ने अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। गृह मंत्री ने बताया कि वह स्वयं घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं और लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं।

Previous articleभारत बन रहा ग्लोबल फार्मा हब, इसमें म.प्र. की बड़ी भूमिका : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Next articleदिल्ली में आए तेज आंधी-तूफान के कारण टर्मिनल-2 पर खड़े एयर इंडिया के 3 विमान क्षतिग्रस्त