पदयात्रा महार्षि गौतम भवन, तुलसी नगर से प्रारंभ होकर नानके पेट्रोल पंप, रोशनपुरा चौराहा, रंगमहल टॉकीज, टीटी नगर थाना एवं प्लेटिनम प्लाजा मार्ग से होते हुए पुन: महार्षि गौतम भवन पहुंचकर संपन्न हुई
भोपाल, (संदीप पंडा)। भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर विगत रविवार को भोपाल में नशामुक्त सद्भावना जनजागरण पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा महार्षि गौतम भवन, तुलसी नगर से प्रारंभ होकर नानके पेट्रोल पंप, रोशनपुरा चौराहा, रंगमहल टॉकीज, टीटी नगर थाना एवं प्लेटिनम प्लाजा मार्ग से होते हुए पुन: महार्षि गौतम भवन पहुंचकर संपन्न हुई। पदयात्रा में भारतीय शक्ति चेतना पार्टी शाखा भोपाल के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नागरिकों को नशामुक्त, मांसाहारमुक्त एवं चरित्रवान जीवन जीने का संदेश दिया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क कर समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, नैतिक मूल्यों के ह्रास एवं सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया। इस अवसर पर संगठन अध्यक्ष परसराम पटेल एवं पार्टी अध्यक्ष मौजीलाल रैकवार ने बताया कि भारतीय शक्ति चेतना पार्टी का गठन धर्मसम्राट युगचेतना पुरुष परमपूज्य योगीराज श्री शक्तिपुत्र जी महाराज द्वारा 07 जून 2013 को राष्ट्रहित में किया गया था। पार्टी का उद्देश्य देश को ऐसा सशक्त विकल्प प्रदान करना है, जिसके कार्यकर्ता स्वयं नशा एवं मांसाहार से मुक्त, चरित्रवान जीवन जीते हुए समाज को भी आदर्श जीवन के लिए प्रेरित करें। पार्टी के अनुसार उसका संकल्प नशामुक्त भारत, मांसाहारमुक्त भारत तथा चरित्रवान समाज का निर्माण करना है। साथ ही भय, भूख एवं भ्रष्टाचार से मुक्त राष्ट्र की स्थापना करना तथा छुआछूत, साम्प्रदायिकता एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में जनजागरण करना है। पदयात्रा के समापन अवसर पर पदाधिकारियों ने राष्ट्र एवं समाज के व्यापक हित में जनसहभागिता बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ, संस्कारित एवं चरित्रवान समाज ही एक सशक्त और समृद्ध भारत का आधार बन सकता है।








