डोमिनिकन गणराज्य के हवाई अड्डे पर उतरते समय निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त, धमाके के साथ आग लगी

Join Us

कैरेबियाई देश डोमिनिकन गणराज्य में सोमवार को एक निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान सवार एक पायलट और एक सह-पायलट की मौत हो गई। घटना ला रोमाना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे पर हुआ था, जहां विमान बुरी तरह आग से घिर गया था। हादसे के समय विमान में कोई यात्री सवार नहीं था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें विमान दुर्घटनाग्रस्त होते दिख रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका में पंजीकृत गल्फस्ट्रीम जी200 जेट ऑस्टिन, टेक्सास जा रहा था। उड़ान के दौरान जब विमान ला रोमाना से लगभग 16 समुद्री मील दक्षिण-पश्चिम में था, तब उसने गंभीर यांत्रिक समस्याओं के कारण आपातकाल की घोषणा की। पायलट हवाई अड्डे पर वापस लौटा और आपातकालीन लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन विमान उतरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया और आग की चपेट में आग या। इस दौरान एक भीषण विस्फोट भी हुआ।
ला रोमाना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पास के पर्यटन स्थल ला रोमाना के लिए महत्वपूर्ण है। लगभग 1.16 करोड़ आबादी वाले डोमिनिकन गणराज्य की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर टिकी है। इससे पहले 2021 में सैंटो डोमिंगो के लास अमेरिकास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक निजी विमान के उड़ान भरने के बाद 9 लोगों की मौत हो गई थी। डोमिनिकन इंस्टीट्यूट ऑफ सिविल एविएशन और विमानन दुर्घटना जांच आयोग ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Previous articleफिलीपींस में 7.8 तीव्रता के भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी, कई इमारतें ढही
Next articleईरान ने दागी बैलिस्टिक मिसाइल, इजराइल ने भी दिया जवाब