गंगोत्री-यमुनोत्री में 10 लाख से अधिक तीर्थयात्री कर चुके दर्शन, पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा

Join Us

चारधाम यात्रा के तहत गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। यात्रा के शुरुआती 47 दिनों में ही दोनों धामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है। पिछले वर्ष की तुलना में यात्रियों की संख्या में 7.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
बीते 19 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा के तहत 4 जून तक गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कुल 10,15,852 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वर्ष 2025 की समान अवधि में यह संख्या 9,44,804 थी। इस तरह इस वर्ष अब तक 71,048 अधिक श्रद्धालु धामों तक पहुंचे हैं। आंकड़ों के अनुसार यमुनोत्री धाम में 4,98,367 और गंगोत्री धाम में 5,17,485 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
यात्रा मार्गों पर लगातार श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है और दोनों धामों में दर्शन का क्रम सुचारु रूप से चल रहा है। यात्रा अवधि में अब तक कुल 99,165 वाहनों का आवागमन दर्ज किया गया है, जिनमें 74,365 छोटे और 24,800 बड़े वाहन शामिल हैं। बढ़ती संख्या के बीच प्रशासन और पुलिस व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ बनाए हुए हैं।
एसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि मुख्यमंत्री के सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन एवं सतत संवाद के संकल्प के अनुरूप उत्तरकाशी पुलिस यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने में जुटी हुई है। यात्रा मार्गों से लेकर धामों तक सुरक्षा, यातायात और आपदा प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Previous articleआसाराम को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, जेल में बिगड़ी तबीयत तो आयुर्वेद अस्पताल में मिलेगा इलाज
Next articleवैश्विक चुनौतियों के बीच भारत की आर्थिक रफ्तार तेज करने पर मंथन, पीएम मोदी ने आर्थिक सलाहकार परिषद के साथ की बैठक