म.प्र. कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग का बड़ा अभियान

Join Us

युवाओं और इन्फ्लुएंसर्स को संगठन से जोडऩे के लिए ‘सोशल मीडिया वॉरियर्स अभियान का शुभारंभ
अभियान को लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता आयोजित

सीहोर। मध्य प्रदेश सोशल मीडिया विभाग के निर्देशन में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी सोशल मीडिया विभाग द्वारा सोशल मीडिया वॉरियर एक कैंपेन जारी किया गया। जिसको लेकर जिला कांग्रेस कार्यालय सीहोर में बुधवार, ३ जून को जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिसमें विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष सोशल मीडिया विभाग प्रज्ञा फिलिप्स प्रभारी सीहोर उपस्थित रहीं।
प्रज्ञा फिलिप्स ने उपस्थित पत्रकारबन्धुओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के युवाओं, जागरूक नागरिकों एवं सोशल मीडिया पर सक्रिय प्रभावशाली व्यक्तियों (इन्फ्लुएंसर्स) को संगठन से जोडऩे के उद्देश्य से एक व्यापक एवं महत्वाकांक्षी अभियान ‘सोशल मीडिया वॉरियर्स का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत प्रदेश, जिला एवं विधानसभा स्तर पर सोशल मीडिया वॉरियर्स का चयन किया जाएगा।
सीहोर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया अभियान का मुख्य उद्देश्य संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों में आस्था रखने वाले मध्य प्रदेश के नागरिकों को कांग्रेस की विचारधारा से जोडऩा तथा वर्तमान राजनीतिक संघर्ष में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस पहल के माध्यम से युवाओं को कांग्रेस संगठन से जुडऩे का सरल, पारदर्शी एवं सहज अवसर प्रदान किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत समाज के विभिन्न रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े राइटर्स, डिज़ाइनर्स, वीडियो एडिटर्स, कार्टूनिस्ट, कवि, लेखक, ब्लॉगर्स, मोटिवेशनल स्पीकर्स, सोशल वर्कर्स तथा मनोरंजन जगत से जुड़े लोक कलाकारों को भी कांग्रेस की विचारधारा के साथ जोडऩे का प्रयास किया जाएगा। संगठन में प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से देश एवं प्रदेश हित में कार्य करने के इच्छुक सभी नागरिकों को इसमें समान अवसर मिलेगा।
इसके अतिरिक्त प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से नई पीढ़ी के प्रतिभाशाली युवाओं की पहचान करना, महिलाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी आवाज़ बुलंद करने का अवसर देना तथा पत्रकारों, न्यूज़ एंकर्स एवं रिपोर्टर्स को जनहित के मुद्दों पर कार्य करने हेतु एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
जिले में अभियान की शुरुआत आज ३ जून २०२६ को जिला कांग्रेस कार्यालय, सीहोर में आयोजित प्रेस वार्ता के साथ की गई। इसी दिन से इच्छुक आवेदकों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। इच्छुक प्रतिभागी गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया १५ जून २०२६ तक जारी रहेगी।

Previous articleअनदाताओं के साथ हुई धोखाधड़ी के मामले में हो तत्काल सख्त कार्यवाही-राजीव गुजराती
Next articleचर्च मैदान पर जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता