कोलकाता(आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार जाने के बाद बांग्लादेशी घुसपैठियों में पुलिस कार्रवाई का डर सता रहा है, जिसे देखते हुए वे वापस अपने देश लौट रहे हैं। सूत्रों ने एक वीडियो जारी कर बताया कि उत्तर 24 परगना जिले में अवैध रूप से रह रहे 100 से अधिक बांग्लादेश के नागरिक हाकिमपुर चेक पोस्ट पर जमा हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि सभी नागरिक वापस अपने देश लौटना चाहते हैं। हाकिमपुर चेक पोस्ट स्वरूपनगर इलाके में है। यह भारत-बांग्लादेश सीमा पर एक महत्वपूर्ण बॉर्डर आउटपोस्ट, जो सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा संचालित होता है। पश्चिम बंगाल में एसआईआर और चुनाव के बाद काफी संख्या में बांग्लादेशी नागरिक इसी चेकपोस्ट से वापसी कर रहे हैं। यह एक वापसी चेकपोस्ट की तरह काम कर रहा है। बीएसएफ यहां से अवैध नागरिकों को बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश को सौंप रहा है। हाल के दिनों में यहां सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने हाल में बांग्लादेशी घुसपैठ की पहचान करने और उनको पुलिस हिरासत में भेजने की बात कही है, जिसके बाद घुसपैठियों में हलचल बढ़ गई है। राज्य सरकार ने मालदा जिले में पहला अस्थायी हिरासत केंद्र भी शुरू किया है, जिसमें लोगों की पहचान कर रखने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद उन्हें वापस भेजा जाएगा। हालांकि, लोग हिरासत केंद्रों में रहने से पहले ही बंगाल छोड़ रहे हैं।
००








