त्विषा शर्मा केस:सीबीआई को सौंपने के लिए एसआईटी ने तैयार की केस डायरी, पति समर्थ से कराया क्राइम सीन रिक्रिएट

Join Us

भोपाल (ए.)। नोएडा की त्विषा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बहुचर्चित मामला शुरुआती जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के गंभीर आरोपों के बाद अब राज्य पुलिस से निकलकर केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई के हवाले होने जा रहा है। सोमवार को भोपाल पुलिस की एसआईटी ने दिनभर केस से जुड़े दस्तावेज, बयान, मेडिकल रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों को व्यवस्थित कर केस डायरी तैयार की।देर रात तक चली कार्रवाई के बीच यह भी जानकारी सामने आई कि दिल्ली से सीबीआई की टीम भोपाल पहुंच चुकी है और मंगलवार को औपचारिक रूप से केस टेकओवर कर सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केस से जुड़ा हर तकनीकी और दस्तावेजी पहलू व्यवस्थित किया गया है, ताकि सीबीआई को जांच में किसी तरह की परेशानी न हो।
रात आठ बजे समर्थ को लेकर पहुंची पुलिस
सोमवार रात करीब आठ बजे एसआईटी त्विषा के आरोपित पति समर्थ सिंह को लेकर कटारा हिल्स में बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित उसके घर पहुंची। यहां पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का स्पॉट वेरिफिकेशन कराया। समर्थ से उसी क्रम में घटना दोहराने को कहा गया, जैसा उसने पूछताछ में बताया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, समर्थ ने बताया कि वह त्विषा को खोजते हुए छत तक पहुंचा था। वहां से उसने अपने मौसेरे भाई और नौकर की मदद से शव नीचे उतारा। इसके बाद सीढिय़ों पर उसे सीपीआर देने की कोशिश की गई। पुलिस ने करीब आधे घंटे तक पूरे घटनाक्रम का क्राइम सीन रिक्रिएट कराया।

आधी रात को रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह से भी हुई लंबी पूछताछ
रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात एसआईटी ने त्विषा की सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह से घर जाकर पूछताछ की। शादी के बाद के हालात, पारिवारिक विवाद और त्विषा के साथ संबंधों को लेकर लंबी पूछताछ की। अब जांच एजेंसी मां-बेटे के बयानों का तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से मिलान कर रही है। भोपाल के पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि पहले चरण की पूछताछ पूरी कर ली गई है। जरूरत पडऩे पर दूसरे चरण की पूछताछ भी की जाएगी।

Previous articleकेरल में आज मानसून देगा दस्तक, देश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ होगी झमाझम बारिश
Next articleफ्रांस से 114 राफेल विमान खरीदेगा भारत, 90 का निर्माण देश में ही होगा