इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीमों को लेकर अब पूरी तस्वीर साफ हो गई है. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, गुजरात टाइटन्स, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं. खास बात ये है कि ये चारों टीमें अब तक एक-एक बार आईपीएल टाइटल अपने नाम कर चुकी है. इस बार जो भी टीम फाइनल मैच जीतेगी वो दूसरी बार चैंपियन बन जाएगी.
अंक तालिका में टॉप-3 के पॉइंट्स 18-18 हैं. लेकिन बेहतर नेट रन रेट की वजह से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर सबसे ऊपर पहले नंबर पर है, उसके बाद गुजरात दूसरे और हैदराबाद तीसरे स्थान पर है. वहीं राजस्थान 16 अंको के साथ चौथे स्थान पर है. इसके अलावा पंजाब किंग्स 15 पॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर है, जबकि दिल्ली कैपिटल्स 14 अंक हासिल करके छठे स्थान पर पहुंच गई. वहीं केकेआर 13 पॉइंट्स के साथ सातवें नंबर पर रहकर अपने अभियान को समाप्त किया. चेन्नई सुपर किंग्स 12 अंको के साथ 8वें, मुंबई और लखनऊ 8-8 पॉइंट्स के साथ 9वें और 10वें नंबर पर रहीं.
आईपीएल 2026 के लीग मैच खत्म होने के बाद 26 मई से प्लेऑफ की जंग शुरू हो जाएगी, जिसमें फाइनल समेत कुल 4 मैच खेले जाएंगे. आइए जानते हैं कि ये मैच कब और कहां खेले जाएंगे?
टेबल टॉपर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटन्स क्वालीफायर-1 में एक-दूसरे का सामना करेंगी. इस मैच की विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी. इसीलिए दोनों टीमें इस मैच को बहुत अहम मान रही हैं. वे इस मैच को जीतकर सबसे पहले फाइनल में अपनी जगह पक्की करने की पूरी कोशिश करेंगी. लेकिन हारने वाली टीम को एक और मौका मिलेगा. यह अहम मैच मंगलवार (26 मई) को धर्मशाला में खेला जाएगा. शाम 7 बजे टॉस होगा और 7:30 बजे मैच शुरू होगा.
सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स, जो पॉइंट्स टेबल में तीसरे और चौथे नंबर पर हैं, एलिमिनेटर मैच में एक-दूसरे का सामना करेंगे, लेकिन, यहां हारने वाली टीम को दूसरा मौका नहीं मिलेगा वो सीधे टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी. इसीलिए ये मैच भी दोनों टीमों के लिए काफी ज्यादा महत्वपूर्ण है. जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में जाएगी. यह मैच बुधवार (27 मई) को चंडीगढ़ में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा.
क्वालीफायर-1 में हारने वाली टीम और एलिमिनेटर जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में एक-दूसरे का सामना करेंगी. यहां जीतने वाली टीम खिताबी जंग के लिए क्वालीफाई कर जाएगी. उसके बाद, फाइनल जीतने वाली टीम चैंपियन बनेगी. इस हिसाब से, तीसरे और चौथे नंबर पर रहने वाली टीमों को चैंपियन बनने के लिए लगातार तीन मैच जीतने होंगे. क्वालीफायर-2 मैच 29 मई (शुक्रवार) को चंडीगढ़ में होगा, और फाइनल मैच 31 मई (रविवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा.
इस बीच, इस सीजन के लीग मैचों की तरह ही, प्लेऑफ के मैच भी स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर लाइव देखे जा सकते हैं. इसके अलावा मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियो स्टार पर भी उपलब्ध होगी. प्लेऑफ के मैच भारतीय समय के अनुसार शाम 7:30 बजे से शुरू होंगे. जबकि टॉस मैच शुरू होने से आधा घंटा पहले 7 बजे होगा.








