कप्तान श्रेयस अय्यर ने अपना पहला आईपीएल शतक जडक़र पंजाब किंग्स को लखनऊ सुपरजायंट्स पर सात विकेट से जीत दिलाई. इस जीत के साथ ही पंजाब ने लगातार छह मैच हारने का सिलसिला तोड़ दिया और आईपीएल 2026 में प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदें जिंदा रखीं.
यह मैच शनिवार को लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया. लखनऊ सुपरजायंट्स के 196/6 के स्कोर के जवाब में, पंजाब ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया. अय्यर 51 गेंदों पर 101 रन बनाकर नाबाद रहे. उनकी पारी में 11 चौके और पांच छक्के शामिल थे, और उनका स्ट्राइक-रेट 198.04 रहा. अय्यर ने प्रभसिमरन सिंह के साथ तीसरे विकेट के लिए 140 रनों की एक अहम साझेदारी भी की. प्रभसिमरन ने 39 गेंदों पर 69 रन बनाए.
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स पॉइंट्स टेबल में 15 अंको के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गया है. अब उनका भविष्य राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले मुकाबले पर निर्भर करता है. अगर आरआर वो मैच जीतता है, तो पंजाब टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा. अगर एमआई जीतता है, तो फिर पंजाब का भविष्य कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के मैच से होगा.
क्योंकि केकेआर भी नेट रन रेट के आधार पर पंजाब किंग्स से आगे निकल सकता है, उसके भी 15 पॉइंट्स हो सकते हैं. अगर वो मैच केकेआर भी हार जाती है तो फिर पंजाब किंग्स बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में होने वाले एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा.
लेकिन अगर केकेआर को अपना नेट रन रेट पंजाब से बेहतर करना है तो फिर उसे 45 गेंद पहले जीत दर्ज करनी होगी या फिर 75 रनों के बड़े मार्जिन से दिल्ली को हराना होगा. जो कि आसान काम नहीं है.
पंंजाब बनाम लखनऊ के मैच की बात करें तो अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जोश इंग्लिस की 44 गेंदों में 72 रन और अब्दुल समद की 20 गेंदों में नाबाद 37 रनों की पारी की बदौलत 196/6 का स्कोर खड़ा किया. क्कक्च्यस् की तरफ से युजवेंद्र चहल और मार्को जानसेन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने दो-दो विकेट चटकाए.
लक्ष्य का पीछा करने की शुरुआत काफी नाटकीय रही. प्रियांश आर्य पहली ही गेंद पर मोहम्मद शमी का शिकार बन गए. पुल शॉट खेलने की कोशिश में वह कैच आउट हो गए और गोल्डन डक का शिकार बने. दूसरे ओवर में कूपर कोनोली ने चार चौके जडक़र पलटवार किया, लेकिन जल्द ही मोहम्मद शमी ने उन्हें बोल्ड कर दिया. उस समय 2.2 ओवर में पंजाब किंग्स का स्कोर 22/2 था.
उसके बाद अय्यर, प्रभसिमरन के साथ बल्लेबाजी करने आए और दोनों ने मिलकर पारी को संभाला. सिमरन ने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इस बीच, अय्यर ने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया.
इसके बाद अर्जुन तेनदुलकर ने प्रभसिमरन को 69 रन पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. लेकिन अय्यर रुके नहीं, उन्होंने शमी के एक ही ओवर में तीन छक्के जडक़र मैच का नतीजा लगभग तय कर दिया, और फिर, अय्यर ने मोहसिन की एक धीमी गेंद को काऊ कॉर्नर के ऊपर से बाउंड्री के पार भेजकर अपना पहला आईपीएल शतक पूरा किया और पंजाब किंग्स को एक अहम जीत दिलाई.








