कोलकाता नाइट राइडर्स के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को लगा बड़ा झटका, सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज टूर्नामेंट से हुआ बाहर

Join Us

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले आखिरी और अहम लीग मैच से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स को एक बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी चोट के चलते टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं.
बुधवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच के दौरान रघुवंशी कैच लेने की कोशिश में वरुण से टकरा गए, जिससे उनकी उंगली में फ्रैक्चर हो गया. उस मैच में दूसरी पारी के दौरान रघुवंशी की जगह तेजस्वी सिंह दहिया को बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था.
कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से जारी बयान में कहा गया, बुधवार, 20 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच के दौरान कैच लेने की कोशिश में सिर में चोट और बाएं हाथ की उंगली में फ्रैक्चर होने के कारण अंगकृष रघुवंशी इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से बाहर हो गए हैं.
ये केकेआर के लिए बहुत बड़ा झटका है, क्योंकि रघुवंशी इस साल शानदार फॉर्म में थे. उन्होंने 13 मैचों में 422 रन बनाए, जिसमें पांच अर्धशतक भी शामिल हैं और उनका औसत 42.20 रहा. 2024 में टूर्नामेंट में अपने डेब्यू सीजन से अब तक उन्होंने 35 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 34.03 के औसत और 145.55 के स्ट्राइक रेट से 885 रन बनाए हैं.
आईपीएल 2026 प्लेऑफ की दौड़ काफी रोमांचक हो गई है, जिसमें आखिरी स्थान के लिए चार टीमें अभी भी आपस में मुकाबला कर रही हैं. पॉइंट्स टेबल में 13 मैच में 13 अंक के साथ केकेआर छठे स्थान पर है. उसने छह मैच जीते हैं, छह हारे हैं और एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला.
उसका आखिरी लीग मैच 24 मई को ईडन गार्डन्स में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ है, और यह उसके लिए करो या मरो वाला मैच होगा. दिल्ली के खिलाफ जीत दर्ज करने के साथ साथ केकेआर को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए यह भी उम्मीद करनी होगी कि राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स अपने-अपने मैच हार जाएं.
इस सीजन में केकेआर अपने खिलाडिय़ों की चोटों से जूझ रही है, और इसका सबसे ज्यादा असर उसकी गेंदबाजी पर पड़ा है. रघुवंशी चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर होने वाले इस सीजन केकेआर के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले तेज गेंदबाज आकाश दीप पीठ के निचले हिस्से में स्ट्रेस इंजरी के कारण सीजन शुरू होने से पहले ही बाहर हो गए थे, और टीम ने उनकी जगह सौरभ दुबे को शामिल किया. इसके अलावा तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी घुटने की चोट के कारण बाहर हो गए थे और उनकी जगह नौदीप सैनी को टीम शामिल किया गया.
खास बात यह है कि श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना पिंडली में खिंचाव के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती हिस्से में नहीं खेल पाए थे, लेकिन मैदान पर वापसी के बाद उन्हें एक बार फिर चोट लग गई. ये भी उल्लेखनीय है कि बीसीसीआई ने टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने को कहा. जिससे केकेआर की गेंदबाजी और ज्यादा कमजोर हो गई.

Previous articleदिल्ली में सीएनजी की कीमतों में हुई 1 रुपए की बढ़ोतरी, 81 रुपए प्रति किलो के पार पहुंचा रेट
Next articleआईपीएल 2026: श्रेयस अय्यर के नाबाद शतक की बदौलत पंजाब किंग्स के प्लेऑफ की उम्मीदें बरकरार