नौतपा से पहले ही तपने लगा प्रदेश, 42 जिलों में लू का अलर्ट

Join Us

भोपाल, (निप्र.)। मध्य प्रदेश में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। प्रदेश के ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और उज्जैन संभाग समेत कई इलाके इस समय हीटवेव की चपेट में हैं। आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा तेज हो सकती है।मौसम विभाग ने प्रदेश के 42 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में तीव्र लू को लेकर रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं ग्वालियर सहित 21 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 18 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बीते शुक्रवार को प्रदेश के 10 शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। छतरपुर जिले का नौगांव सबसे गर्म रहा, जहां पारा 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा खजुराहो में 46.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। टीकमगढ़ और सतना में 44.5 डिग्री, दतिया में 44.4 डिग्री, नरसिंहपुर और दमोह में 44.2 डिग्री तथा सागर और राजगढ़ में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री तक पहुंचा। ग्वालियर में 43.7 डिग्री, भोपाल में 42.2 डिग्री, उज्जैन में 42 डिग्री और इंदौर में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना जिलों में भीषण लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां तापमान बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, कटनी, उमरिया, मैहर, सतना, मऊगंज और रीवा में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि भोपाल, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, रायसेन, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, खरगोन, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर में लू की चेतावनी दी गई है।मौसम विभाग के मुताबिक, 31 मई तक प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर रह सकती है। अगले चार दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना कम है।

Previous articleशिर्डी में 200 एकड़ क्षेत्र में बन रहा डिफेंस हब, हर साल 5 लाख तोप के गोले होंगे तैयार, रक्षा मंत्री उद्घाटन करेंगे
Next articleचीन की कोयला खदान में भयंकर गैस ब्लास्ट, 82 से ज्यादा मजदूरों की मौत, कई अब भी फंसे