लखीमपुर में भीषण सडक़ हादसा : ट्रक और बोलेरो की टक्कर में 9 लोगों की मौत, वाहन काटकर निकाले गए शव

Join Us

पीलीभीत-बहराइच हाईवे पर सोमवार सुबह दर्दनाक सडक़ हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। सिसैया मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक और यात्रियों से भरी बोलेरो मैक्स की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि बोलेरो के अगले हिस्से के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए और वाहन सडक़ किनारे पलट गया।
हादसे में मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने किसी तरह वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि बोलेरो मैक्स में करीब एक दर्जन लोग सवार थे, जो एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। उसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वाहन को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर 8 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सडक़ से हटवाया और यातायात बहाल कराया। हादसे के बाद करीब एक घंटे तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

Previous articleभीषण गर्मी का कहर, 45 डिग्री के पार पहुंचेगा पारा; मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
Next articleअकाली नेता पर नाबालिग से छेड़छाड़ और रेप की कोशिश का आरोप, मोहाली पुलिस ने किया गिरफ्तार