पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, बैलगाड़ी के साथ किया प्रदर्शन

Join Us

नई दिल्ली,(आरएनएस)। बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों के खिलाफ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने अपने सभी 250 ब्लॉक कांग्रेस कमेटी स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव करोल बाग में आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए. यहां प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी पर चढक़र प्रदर्शन किया.दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में पेट्रोल पंप और मदर डेयरी बूथ के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. इसी बीच झंडेवालान मेट्रो स्टेशन के पास 108 फीट ऊंची हनुमान मूर्ति के नजदीक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव बैलगाड़ी पर बैठकर प्रदर्शन करने पहुंचे. इस दौरान हाथों में तख्तियां, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी और बैलगाड़ी पर सवार होकर पहुंचे. दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि जो सरकार महंगाई के खिलाफ चुनाव जीतकर आई थी उसके शासन में आज महंगाई के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं.उन्होंने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन का मतलब सिर्फ देवेंद्र यादव या कांग्रेस के लिए नहीं है, यह विरोध प्रदर्शन उस आम आदमी पर पड़ रही महंगाई की मार के लिए है, जिसको अपनी रोजी रोटी कमाना मुश्किल हो गया है. देवेंद्र यादव ने कहा कि पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतों की मार हर चीज पर पड़ती है. लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी परेशान है लेकिन सरकार कोई राहत नहीं दे रही.देवेंद्र यादव ने कहा कि दूध, पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है. देवेंद्र यादव ने यह भी कहा कि दिल्ली पुलिस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दे रही लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता जनता की आवाज उठाते रहेंगे. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की.
दिल्ली कांग्रेस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी महंगाई के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा. पार्टी नेताओं ने दावा किया कि बढ़ती कीमतों का असर सीधे आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है और इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस लगातार सडक़ से लेकर सदन तक सरकार को घेरने का काम करेगी. फिलहाल महंगाई और ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने दिल्ली में कई जगहों पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया.

Previous article1980 में वोटर लिस्ट में सोनिया गांधी का नाम जुड़वाने पर एफआईआर दर्ज करने की मांग पर सुनवाई टली
Next articleबंगाल की खाड़ी में तेल-गैस का पता लगाने के लिए विशाल सर्वे करेगी सरकार