रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा की ऐतिहासिक फिल्म राजा शिवाजी 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म ने सफलतापूर्वक बॉक्स ऑफिस पर 14 दिन पूरे कर लिए हैं और मराठी संस्करण में तहलका मचा दिया है। अनुमानित 90 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार करते हुए ये मराठी सिनेमा की दूसरी सबसे कमाऊ फिल्म बन गई है। हालांकि हिंदी संस्करण में भी फिल्म की कमाई लगातार जारी है। चलिए एक नजर डालते हैं, इसकी ताजा कमाई पर।
सैकनिल्क के मुताबिक, राजा शिवाजी ने रिलीज के 14वें दिन, यानी गुरुवार को 1.90 करोड़ रुपये कमाए हैं। इसमें हिंदी संस्करण से 50 लाख और मराठी संस्करण से 1.40 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। फिल्म ने अब तक कुल 76.95 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म का अब तक का अनुमानित कुल ग्रॉस कलेक्शन 90.10 करोड़ रुपये है। इन आंकड़ों के साथ राजा शिवाजी मराठी फिल्मों में दूसरी सबसे कमाऊ फिल्म बन गई है।
राजा शिवाजी 90.10 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन के साथ अब तक कई मराठी फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है। इनमें नटसम्राट (42 करोड़), पवनखिंड (37.72 करोड़), लाई भारी (37 करोड़), कट्यार कलजात घुसाली (35 करोड़), ठाकरे (31.6 करोड़), टाइमपास (30 करोड़), वेद (61.2 करोड़) और बैपन भारी देवा (76.28 करोड़) शामिल हैं। इसका अगला लक्ष्य सैराट का रिकॉर्ड तोडऩा है, जो विश्वस्तर पर लगभग 110 करोड़ रुपये की कमाई के साथ सबसे कमाऊ मराठी फिल्म बनी हुई है।








