इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 59वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (90) खेली। यह उनके आईपीएल करियर का 11 और चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 21 गेंदों में पूरा किया। उनकी पारी से लखनऊ सुपर जायंट्स को मजबूत शुरुआत मिली और वह तेजी से लक्ष्य की ओर बढ़ी। इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
लखनऊ सुपर जायंट्स को 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मिचेल मार्श और जोश इंग्लिश (36) की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में ही 86 रन जोड़ दिए। इसके बाद भी दोनों ने पहले विकेट के लिए 136 रन की साझेदारी निभाई। इससे पहले मार्श ने 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वह 38 गेंदों में 9 चौके और 7 छक्कों से 90 रन बनाकर आउट हुए।
मार्श पावरप्ले के बाद 22 गेंदों पर 56 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके साथ ही वह लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पावरप्ले में चौथा सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस सूची में इंग्लिश (77* बनाम चेन्नई सुपरकिंग्स, 2026) पहले, मार्श (60* बनाम एमआई, 2025) दूसरे, मार्श (58* बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 2026) तीसरे नंबर पर हैं। इसी तरह वह लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए पावरप्ले में 3 बार 50+ स्कोर बनाने में वाले एकमात्र बल्लेबाज भी है।
मार्श का आईपीएल 2026 में अब तक का प्रदर्शन शानदार रहा है। वह अब तक 12 मैचों की 12 पारियों में 38.92 की औसत और 162.15 की स्ट्राइक रेट के साथ 467 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक अपने नाम किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 111 रन का रहा है। वह इस सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले और कुल मिलाकर छठे बल्लेबाज हैं।
मार्श ने साल 2010 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का आगाज किया था। वह अब तक 67 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 67 पारियों में 29.81 की औसत और 147.57 की स्ट्राइक रेट से 1,759 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 2 शतक के अलावा 11 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 117 रन का रहा है। वह 34 पारियों में 37 विकेट भी अपने नाम कर चुके हैं।








