न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड की टीम का ऐलान, जेम्स रियू और एमिलियो गे को मिला मौका

Join Us

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने 4 जून से लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट के लिए 15 सदस्यीय टीम घोषित कर दी है। जैक क्रॉली की जगह जेम्स रियू और एमिलियो गे को मौका मिला है। वहीं, ओली रॉबिन्सन की 2 साल से अधिक समय बाद वापसी हुई है। इंग्लैंड की यह टीम ऑस्ट्रेलिया में 4-1 से एशेज सीरीज हारने के बाद काफी बदली हुई नजर आ रही है। बेन स्टोक्स टीम के कप्तान होंगे।
मार्क वुड चोटिल होने के कारण उपलब्ध नहीं हैं। वहीं, ब्रायडन कार्स भी चोट के कारण टीम से बाहर हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए भी ज्यादा मैच नहीं खेल सके। पहले टेस्ट के लिए ऐसी है इंग्लैंड की टीम: बेन स्टोक्स (कप्तान), रेहान अहमद, गस एटकिंसन, सॉनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रियू, ओली रॉबिन्सन, जो रूट, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर) और जोश टंग।
इंग्लैंड टीम प्रबंधन ने साफ किया है कि जोफ्रा आर्चर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। आर्चर अभी आईपीएल खेल रहे हैं और लंबे समय बाद उन्हें लाल गेंद क्रिकेट के लिए धीरे-धीरे तैयार किया जा रहा है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच पहला टेस्ट 4 जून से लॉर्ड्स में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट 17 जून से द ओवल और तीसरा मुकाबला 25 जून से ट्रेंट ब्रिज में शुरू होगा।
गे प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 72 मुकाबले खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 124 पारियों में 40.18 की औसत से 4,702 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 13 शतक और 18 अर्धशतक निकले हैं। 22 साल के जेम्स रियू ने अब तक 62 मुकाबले खेले हैं और इसकी 104 पारियों में 41.48 की औसत से 3,775 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 12 शतक और 15 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 221 रन रहा है।
न्यूजीलैंड ने इस सीरीज के लिए पहले ही अपनी टीम घोषित कर दी है। वह आयरलैंड के खिलाफ भी एक टेस्ट खेलेगी। इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम: टॉम लैथम (कप्तान), टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), डेवोन कॉनवे, जैक फोल्क्स, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, विल ओरूर्के, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, बेन सियर्स, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, केन विलियमसन और विल यंग।

Previous articleआईपीएल 2026: विराट कोहली ने आईपीएल करियर का 9वां शतक लगाया, बने प्लेयर ऑफ द मैच