अक्षय कुमार और विद्या बालन अपनी चौथी फिल्म के साथ सिनेमाघरों में धमाल मचाने वाले हैं. बीते कुछ हफ्तों पहले ही इस जोड़ी ने नए अंदाज में अपनी आगामी प्रोजेक्ट का एलान किया था और फैंस को बताया कि वे नए प्रोजेक्ट के लिए एक साथ आ रहे हैं. इससे पहले वे भूल भुलैया (2007), हे बेबी (2007), और मिशन मंगल (2019) जैसी हिट फिल्मों में एक साथ नजर आ चुके हैं. अब अनीस बज्मी की निर्देशित और दिल राजू द्वारा निर्मित एक नई कॉमेडी-ड्रामा फिल्म के लिए फिर से साथ आने को तैयार हैं. आज, मेकर्स ने इस अनटाइटल्ड फिल्म की रिलीज डेट से पर्दा हटाया है.
श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स ने अपने ऑफिशियल एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर अपनी इस अनटाइटल्ड फिल्म की रिलीज डेट का एलान किया और यह कहकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी कि और भी अपडेट जल्द ही आएंगे.
श्री वेंकटेश्वर क्रिएशन्स ने अनाउंसमेंट करते हुए कहा कि अनीस बज्मी की निर्देशित अक्षय कुमार और विद्या बालन की आगामी कॉमेडी फिल्म 4 दिसंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
कुछ दिन पहले, अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर अपनी, विद्या बालन और राशि खन्ना के साथ एक तस्वीर शेयर की. इस तस्वीर में तीनों ही मुस्कुराते हुए कैमरे के लिए पोज देते हुए नजर आ रहे थे. इस पोस्ट के जरिए खिलाड़ी कुमार ने फिल्म के बारे में अपडेट देते हुए कहा कि उन्होंने केरल में अपने शूट का शेड्यूल पूरा कर लिया है. कैप्शन में उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि किसी खूबसूरत जगह पर बेहतरीन लोगों के साथ काम करने से बेहतर और कुछ नहीं हो सकता.
एक्टर ने अपने इस पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, केरल का शेड्यूल पूरा हुआ. किसी खूबसूरत जगह पर अच्छे लोगों के साथ काम करने का मजा ही कुछ और है. हमारे डायरेक्टर अनीस बज्मी को कैमरे के पीछे की सारी मस्ती के लिए, और मेरे जबरदस्त को-स्टार्स विद्या, राशि, छोटे राजपाल और पूरी टीम को ढेर सारा प्यार. यह वाला अनुभव बहुत खास रहा.
अक्षय कुमार पिछली बार भूत बंगला में नजर आए थे, जो अभी भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. विद्या बालन ने रितेश देशमुख की फिल्म राजा शिवाजी में एक अहम भूमिका निभाई है, जो फिलहाल सिनेमाघरों में चल रही है.








