ईरान को पूरी तरह बर्बाद करके मानेगा अमेरिका? चीन रवाना होने से पहले ट्रंप का बड़ा बयान

Join Us

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है। चीन रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की सैन्य ताकत लगभग खत्म हो चुकी है और अमेरिका यह लड़ाई शांतिपूर्वक या फिर किसी भी तरह जीतकर रहेगा। ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या वह ईरान मामले में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की किसी भूमिका की उम्मीद करते हैं, तो उन्होंने कहा, नहीं, मुझे नहीं लगता कि हमें ईरान के मामले में किसी की मदद की जरूरत है। हम किसी न किसी तरीके से जीतेंगे।
ट्रंप ने अपने बयान में आगे कहा, हम इसे शांतिपूर्वक भी जीत सकते हैं या फिर किसी और तरीके से। उनकी नेवी खत्म हो चुकी है, एयरफोर्स खत्म हो चुकी है और उनकी वार मशीन का हर हिस्सा तबाह हो चुका है। उन्होंने आगे कहा कि ईरान सैन्य रूप से हार चुका है। ट्रंप के मुताबिक, वे या तो सही फैसला करेंगे या फिर हम काम पूरा कर देंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान पर लगाए गए समुद्री प्रतिबंध और नाकेबंदी को भी पूरी तरह सफल बताया। उन्होंने कहा, यह नाकेबंदी बेहद प्रभावी है। यह 100 प्रतिशत सफल रही है।
वहीं, नाटो पर नाराजगी जाहिर करते हुए ट्रंप ने कहा कि उसने मुश्किल समय में अमेरिका का साथ नहीं दिया। ट्रंप ने कहा, नाटो मेरे लिए बेहद निराशाजनक रहा। जब हमें उनकी जरूरत थी तब वे हमारे साथ नहीं थे। हमें नाटो की जरूरत नहीं है, लेकिन अगर जरूरत पड़ती भी, तो वे वहां मौजूद नहीं थे। वहीं, मार्क रुट ने नाटो के भविष्य को लेकर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में ईरान से जुड़ा संकट वैश्विक सुरक्षा के केंद्र में है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि नाटो के भविष्य और उसकी मजबूती को लेकर वह बेहद आशावादी हैं।

Previous articleडोनाल्ड ट्रंप चीन रवाना, एलन मस्क-टीम कुक भी साथ; कई मुद्दों पर होगी चर्चा?
Next articleदुनिया के सबसे लोकप्रिय लीडर हैं नरेंद्र मोदी, विदेशी नेता ने प्रधानमंत्री की शान में पढ़े कसीदे