काठमांडू के हवाई अड्डे पर उतरते समय तुर्की एयरलाइंस के पहिये में लगी आग, हादसा टला

Join Us

नेपाल की राजधानी काठमांडू में स्थित त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां सुबह साढ़े 6 बजे इस्तांबुल से काठमांडू पहुंची तुर्की एयरलाइंस के विमान के पहिये में हवाई अड्डे पर उतरते समय आग लग गई, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा उपाय लागू किए गए। मौके पर तैनात दमकल कर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पाया और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया। इस दौरान हवाई अड्डे को डेढ़ घंटे के लिए बंद करना पड़ा।
रिपोर्ट के मुताबिक, हवाई अड्डे पर उतरते समय उड़ान टीके726 के दाहिने मुख्य लैंडिंग गियर में आग लगी थी। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सहायक प्रवक्ता ज्ञानेंद्र भुल ने बताया कि इस दौरान हवाई अड्डा सुबह 8:12 बजे तक बंद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि यात्रियों को निकासी स्लाइड से निकाला गया, जिसमें 2 यात्रियों को मामूली चोटें आईं हैं। कठोर लैंडिंग, टायर दबाव और अन्य तकनीकी समस्या को कारण बताया जा है। हालांकि, जांच जारी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के समय विमान में चालक दल के 11 सदस्यों समेत कुल 288 लोग सवार थे। पहिये में आग के बाद विमान का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा रनवे और शेष 70 प्रतिशत टैक्सीवे पर था, जिसके कारण सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रोकनी पड़ीं। इनमें दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-215 और शारजाह से आने वाली एयर अरबिया की फ्लाइट जी9 536 शामिल थीं। तकनीकी जांच जारी रहने तक तुर्की विमान उड़ान नहीं भरेगा।

Previous articleईरान-अमेरिका में तनाव के बीच भारतीय शेयर बाजार लाल निशान में खुला; निफ्टी 24000 के नीचे
Next articleध्यान को अपने फिटनेस रूटीन का हिस्सा बनाएं, मिलेंगे ये फायदे