खतरनाक हुआ आई फ्लू, आंखों में दर्द और धुंधलेपन से बढ़ी लोगों की परेशानी

Join Us

 4 दिन नहीं, अब ठीक होने में लग रहा एक महीना
कोटा (ए.)। राजस्थान के कोटा शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों आई फ्लू का संक्रमण तेजी से फैल रहा है. सरकारी अस्पतालों से लेकर निजी क्लीनिकों तक आंखों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. डॉक्टरों का कहना है कि इस बार का संक्रमण पहले की तुलना में ज्यादा गंभीर और लंबे समय तक असर करने वाला है. मरीज आंखों में लालिमा, सूजन, जलन, खुजली और दर्द जैसी समस्याओं से परेशान हैं. इसके साथ ही आंखों से लगातार पानी आने और आंखें चिपकने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं. कई मरीजों ने धुंधला दिखाई देने की समस्या भी बताई है. संक्रमण बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक तेजी से फैल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार इस बार वायरल कंजक्टिवाइटिस के साथ बैक्टीरियल इन्फेक्शन भी जुड़ रहा है. यही वजह है कि बीमारी का स्ट्रेन बदल गया है और मरीजों को जल्दी राहत नहीं मिल रही. जहां पहले आई फ्लू के मरीज 4 से 5 दिन में ठीक हो जाते थे, वहीं अब कई मरीजों को रिकवर होने में 15 दिन से लेकर एक महीने तक का समय लग रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि कई मरीजों में दवाइयों के बावजूद आंखों की सूजन और लालिमा लंबे समय तक बनी हुई है. अस्पतालों में रोज बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है. डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. उनका कहना है कि संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से यह बीमारी तेजी से फैल रही है. ऐसे में लोगों को आंखों को बार-बार हाथ लगाने से बचना चाहिए. साथ ही संक्रमित व्यक्ति के तौलिया, रूमाल या अन्य निजी सामान का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। डॉक्टरों के मुताबिक स्कूलों और दफ्तरों में भी संक्रमण के मामले बढऩे लगे हैं. भीड़भाड़ वाले इलाकों में संक्रमण तेजी से फैल सकता है, इसलिए सतर्कता बेहद जरूरी है. विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आई फ्लू को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।

 

Previous articleमोहब्बत की निशानी ताजमहल के शाही दरवाजे के दरकने लगे पत्थर
Next articleएसआईआर को एनआरसी और एनपीआर से जोडऩे का प्लान,औवेसी बोले- ये मुसलमानों के खिलाफ एक सोची-समझी साजिश है