नईदिल्ली, (आरएनएस)। चुनाव खत्म होते ही कामर्शियल गैस के सिलेंडर के दाम एकदम से 993 रुपये बढऩे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही बताया था कि चुनाव के बाद महंगाई बढ़ेगी और आज कामर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल ने कहा कि यह एक ही दिन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी है और अब अगला वार पेट्रोल-डीजल पर होगा।
राहुल ने एक्स पर लिखा, कह दिया था- चुनाव के बाद महंगाई की गर्मी आएगी। आज कामर्शियल गैस सिलेंडर 993 रुपये महंगा। एक ही दिन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी। यह चुनावी बिल है। फरवरी से अब तक- 1,380 रुपये की बढ़ोतरी- सिफऱ् 3 महीनों में 81 प्रतिशत का इजाफा। चायवाला, ढाबा, होटल, बेकरी, हलवाई- हर किसी की रसोई पर बोझ बढ़ा। और इसका असर आपकी थाली पर भी पड़ेगा। पहला वार गैस पर, अगला वार पेट्रोल-डीज़ल पर।
नई कीमतें लागू होने के बाद दिल्ली में अब 19 किलोग्राम वाले कामर्शियल गैस सिलेंडर का दाम 3,071.5 रुपये हो गया है। आम लोगों को राहत देते हुए घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह तीसरी बार है जब 28 फरवरी के बाद कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। मार्च की शुरुआत में करीब 115 रुपये और फिर 1 अप्रैल को लगभग 200 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।








