भबानीपुर में 4 घंटे डटीं ममता बनर्जी, कहा- ईवीएम छेड़छाड़ हुई तो जान की बाजी लगाएंगे

Join Us

कोलकाता, (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के तहत मतदान निपट चुका है और अब मतगणना स्थलों की सुरक्षा को लेकर राजनीतिक घमासान छिड़ा हुआ है। गुरुवार शाम को अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को मतगणना स्थल पर सतर्क रहने को कहने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद भबानीपुर के स्ट्रांगरूम पर पहुंच गईं। कोलकाता में अपने निर्वाचन क्षेत्र के स्ट्रांगरूम पर ममता ने करीब 4 घंटे समय बिताया और चुनाव आयोग को चेतावनी भी दी।
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता ने दक्षिण कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल में बने स्ट्रांगरूम का दौरा किया। उन्होंने यह दौरा तब किया, जब एक वायरल वीडियो में स्ट्रांगरूम के आसपास की गतिविधियों को दिखाया गया था। यहां का दौरान करने के बाद ममता ने कहा, अगर कोई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) चुराने या गिनती में छेड़छाड़ करने की कोशिश करता है, तो हम जान की बाजी लगाकर लड़ेंगे। उन्होंने आगे कहा कि वह पूरी जिंदगी लड़ेंगी।
ममता ने रात में दौरे के बाद कहा, यहां ईवीएम के लिए एक सुरक्षित कमरा है। हमने पाया कि कई जगहों पर ईवीएम में हेराफेरी हो रही है। जब मैंने इसे टीवी पर देखा, तो मैंने सोचा कि मुझे यहां आना चाहिए। उन्होंने बताया कि केंद्रीय बलों ने उन्हें अंदर जाने से रोका, लेकिन बतौर उम्मीदवार अपने अधिकारों का दावा करने के बाद उन्हें जाने दिया। उन्होंने कहा, उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों को सीलबंद कमरे तक जाने की अनुमति है।
इस बीच टीएमसी ने एक्स पर कहा कि भाजपा और उनके पक्षपाती चुनाव आयोग को अंदाजा नहीं कि वे किससे भिड़ रहे हैं, वे दूसरे राज्यों से अपने लोगों को बुला रहे, लेकिन हमें भीड़ जुटाने की जरूरत नहीं। पार्टी ने कहा कि ममता के एक इशारे पर 10,000 लोग उस इलाके में पहुंच जाएंगे, लेकिन पार्टी कानून का सम्मान कर शांति का रास्ता चुनती है। वह डरती नहीं है। पार्टी ने बेईमानी पर बेकाबू अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।

Previous articleपश्चिम बंगाल के 15 बूथों में आज पुनर्मतदान
Next articleमुंबई में १७४५ करोड़ रुपये की कोकीन जब्त, गृह मंत्री शाह ने एनसीबी को दी बधाई