बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी की मच अवेटेड फिल्म ‘आवारापन 2’ रिलीज से पहले ही बड़े विवाद में घिर गई है। साल 2007 में आई सुपरहिट फिल्म ‘आवारापन’ के इस सीक्वल का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी मुख्य भूमिका में नजर आने वाली हैं और इसे इसी साल अगस्त में सिनेमाघरों में दस्तक देनी है। लेकिन अब खबर आ रही है कि ‘आवारापन 2’ की टीम पर थाईलैंड में पेमेंट से जुड़ा एक गंभीर मामला दर्ज हुआ है, जिसके कारण फिल्म कानूनी पचड़े में फंस गई है। इस खबर ने फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे फैंस की चिंता बढ़ा दी है।
थाईलैंड में क्रू को पेमेंट न करने का आरोप
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पूरा विवाद फिल्म की शूटिंग के दौरान थाईलैंड में लोकल सर्विस प्रोवाइडर्स और प्रोडक्शन टीम के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ। मेकर्स पर आरोप है कि उन्होंने शूटिंग खत्म होने के बावजूद थाईलैंड के लोकल क्रू मेंबर्स का बकाया पेमेंट नहीं किया है। तय समय पर पैसे न मिलने के कारण मामला अब कानूनी स्तर तक पहुंच गया है, जिसका सीधा असर फिल्म की रिलीज और उसके आगे के शेड्यूल पर भी पड़ सकता है।
अदालत ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
इस विवाद ने तब तूल पकड़ा जब सोशल मीडिया पर सर्विस प्रोवाइडर से जुड़ा एक पोस्ट तेजी से वायरल होने लगा। इस वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि बकाया पेमेंट न मिलने के कारण थाईलैंड में कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हैरान करने वाली बात यह है कि वहां की एक अदालत की तरफ से इस मामले में गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया जा चुका है। पोस्ट करने वाले शख्स ने लिखा है कि उन्होंने थाईलैंड में एक भारतीय फिल्म के लिए प्रोडक्शन सेवाएं दी थीं, लेकिन क्लाइंट ने अब तक उनके पैसे नहीं चुकाए हैं।
फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की तैयारी!
वायरल पोस्ट में आगे बताया गया है कि फिल्म की रिलीज डेट 14 अगस्त 2026 तय की गई है। ऐसे में पीडि़त पक्ष अब कानूनी सलाह मांग रहा है कि क्या बकाया पेमेंट न मिलने के आधार पर फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने के लिए कोई कानूनी आदेश लिया जा सकता है। वे इस बात को लेकर भी जानकारी जुटा रहे हैं कि इस कार्रवाई के लिए थाईलैंड के न्यायालय में अपील की जाए या उस देश में जहां फिल्म रिलीज होनी है। रिलीज से पहले डिस्ट्रीब्यूटर्स, सेल्स एजेंट्स या फिल्म फेस्टिवल्स को ऑफिशियल नोटिस भेजने के विकल्प पर भी विचार किया जा रहा है।
मेकर्स कर रहे मामले को सुलझाने की कोशिश
पहली ‘आवारापन’ बॉलीवुड की एक कल्ट फिल्म मानी जाती है और यही वजह है कि इसके दूसरे पार्ट से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। बताया जा रहा है कि मेकर्स इस कानूनी स्थिति की गंभीरता को समझते हुए इसे जल्द से जल्द सुलझाने की कोशिश में जुटे हुए हैं ताकि फिल्म की रिलीज में कोई कानूनी बाधा न आए। हालांकि, गिरफ्तारी वारंट जारी होने की खबर से फिलहाल इस प्रोजेक्ट पर संकट के बादल मंडराते हुए नजर आ रहे हैं।








