जनपद के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सडक़ हादसा हो गया। सीतापुर-गोला मार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार मां, बेटे और उनकी मामी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक सवार तीनों लोगों की दर्दनाक मौत हो गई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम अरथाना निवासी हिमांशु पांडेय (25) अपनी मां रेखा पांडेय (50) और मामी सुनीता (45) पत्नी जयशंकर बाजपेई के साथ बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। रविवार सुबह जैसे ही उनकी बाइक कोतवाली देहात के कचनार चौकी क्षेत्र अंतर्गत ककरहा के पास अंगरासी मोड़ पर पहुंची, तभी सीतापुर से गोला की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हिमांशु और उसकी मां रेखा पांडेय की मौके पर ही सांसें थम गईं। वहीं, गंभीर रूप से घायल मामी सुनीता को सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोडक़र फरार हो गया।








