आईपीएल 2026: अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लगाया पहला शतक, बने प्लेयर ऑफ द मैच

Join Us

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 31वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में शानदार शतकीय पारी (135*) खेली। यह उनके आईपीएल करियर का दूसरा और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहला ही शतक रहा। उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उनके शतक की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने 242/2 का स्कोर बनाया और आखिर में मैच को 47 रन से जीता। अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
अभिषेक ने पारी के 5वें ओवर में नितीश राणा के खिलाफ 3 छक्के लगाए। इस सलामी बल्लेबाज ने हैदराबाद के मैदान पर सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इस पारी के दौरान उन्होंने हेड (37) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 97 रन की साझेदारी की। आक्रामक खेलते हुए अभिषेक ने 47 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। इस बीच उन्हें कुछ जीवनदान भी मिले। वह 68 गेंदों में 135 रन बनाकर नाबाद रहे।
अभिषेक आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से 2,000 रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बने। उनसे पहले डेविड वार्नर (4,014), शिखर धवन (2,768), और केन विलियमसन (2,101) ऐसा कर चुके हैं।
अभिषेक का यह टी-20 क्रिकेट में कुल 9वां शतक साबित हुआ। वह अब टी-20 क्रिकेट में भारत की ओर से संयुक्त रूप से सर्वाधिक शतक जडऩे वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने दिग्गज विराट कोहली (9 शतक) की बराबरी की। भारतीय खिलाडिय़ों में अभिषेक और कोहली के बाद रोहित ने 8 शतक लगाए हैं। अपनी इस पारी के दौरान अभिषेक ने टी-20 क्रिकेट में अपने 350 छक्के भी पूरे किए।
यह दूसरा मौका है जब अभिषेक ने आईपीएल की एक पारी में 10 छक्के लगाए हैं। वह एक से अधिक पारियों में 10 छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं। बता दें कि क्रिस गेल ने 4 बार ऐसा किया है।
अभिषेक ने 84 मैच में लगभग 30 की औसत और 169.22 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,100 से अधिक रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 141 रन रहा है। आईपीएल 2026 में इस खिलाड़ी ने 7 मैच में 300 से अधिक रन बनाए हैं। उन्होंने इस संस्करण में कई मैचों में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई है। वह फिलहाल इस सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

Previous articleअपने होम ग्राउंड पर हार का अनचाहा रिकॉर्ड बना रहा लखनऊ सुपर जाइंट्स
Next articleआईपीएल 2026: नितीश राणा ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जड़ा 5वां अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े