बीसीसीआई का मास्टर प्लान, श्रेयस अय्यर होंगे कप्तान, एक साथ दो टीमें उतरेंगी मैदान पर

Join Us

इंडियन प्रीमियर लीग के आने के बाद से, टीम इंडिया में जगह बनाने के लिए खिलाडिय़ों के बीच कंपटीशन बढ़ गया है. कई युवा खिलाडिय़ों ने इस घरेलू टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और दुनिया को अपनी काबिलियत दिखाई है. इसके साथ ही, उन खिलाडिय़ों को टीम में शामिल करने की मांग भी बढ़ती जा रही है.
हालांकि, यह चयनकर्ताओं के लिए एक चुनौती बन गया है कि किसे चुना जाए और किसे छोड़ा जाए. कई बार, चयन समिति को इस मामले में आलोचना का सामना भी करना पड़ा है. इसीलिए क्रिकेट से जुड़े सूत्रों का कहना है कि बीसीसीआई एक नई योजना बना रहा है.
फिलहाल, आईपीएल में फॉर्म में चल रहे खिलाडिय़ों की संख्या बहुत ज्यादा है. इसलिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड 30 से 35 खिलाडिय़ों वाली दो टी20 टीमें बनाने पर विचार कर रहा है. चर्चा है कि चयन समिति इसी मकसद से एक सूची तैयार कर रही है. इससे टीम इंडिया की दो टीमें एक ही समय पर अलग-अलग विरोधियों के खिलाफ मैदान में उतर सकेंगी.
बीसीसीआई की योजना के अनुसार एक तरफ एक टीम अंतरराष्ट्रीय द्विपक्षीय सीरीज खेलेगी तो दूसरी तरफ, उसी समय एशियाई खेलों जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में भी टीम इंडिया हिस्सा लेगी. इस योजना के तहत सूर्यकुमार यादव हमेशा की तरह एक टीम के कप्तान होंगे. लकिन दूसरी टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी श्रेयस अय्यर को दिए जाने की संभावना है.
बीसीसीआई के एक सदस्य ने बताया, एशियाई खेल और वेस्टइंडीज के साथ होने वाली सीरीज एक ही समय पर होंगी. इसलिए, हम दोनों टीमों को मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं. इसके लिए, 30-35 खिलाडिय़ों की एक सूची तैयार की जा रही है. हम इसी सूची में से आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरों के लिए भी खिलाडिय़ों का चयन करेंगे. आईपीएल में खेल रहे खिलाडिय़ों के लिए यह एक सुनहरा मौका है. हम उन खिलाडिय़ों को चुनेंगे जिन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया है. हालांकि, बोर्ड चाहता है कि दोनों ही टीमें मजबूत हों.
इस साल सितंबर-अक्टूबर के दौरान भारत की वेस्टइंडीज के साथ एक टी20 सीरीज होनी है. टीम इंडिया अपने घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज खेलेगी. ठीक उसी समय, जापान में एशियाई खेलों की शुरुआत होने वाली है. इन प्रतियोगिताओं में क्रिकेट भी शामिल होगा. इसीलिए बोर्ड को लगता है कि ऐसे मामलों में दो टीमें रखना बेहतर होगा. एक टीम वेस्ट इंडीज के साथ सीरीज में हिस्सा लेगी और दूसरी टीम एशियन गेम्स में हिस्सा लेगी.
बीसीसीआई ने पहले भी इस तरह दो टीमें बनाने की कोशिश की थी और उसमें उसे सफलता भी मिली थी. 2022 के एशियन गेम्स में क्रिकेट को भी शामिल किया गया था. ये मैच अक्टूबर 2023 में हुए थे. उसी समय, सीनियर खिलाडिय़ों की टीम वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही थी. इसीलिए बीसीसीआई ने ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में एक युवा टीम को चीन भेजा था. इस युवा भारतीय टीम ने उन खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता था.

Previous articleमुंबई ने गुजरात को 99 रनों से हराकर दर्ज की बड़ी जीत, अंक तालिका में तीन स्थान का हुआ फायदा
Next articleआईपीएल 2026: तिलक वर्मा का कमाल, 18 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर मचाया धमाल