मुंबई ने गुजरात को 99 रनों से हराकर दर्ज की बड़ी जीत, अंक तालिका में तीन स्थान का हुआ फायदा

Join Us

अहमदाबाद, 21 अपै्रल। तिलक वर्मा की शानदार सेंचुरी और फिर अश्वनी कुमार की घातक गेंदबाजी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस पर 99 रनों से बड़ी जीत दर्ज की है. इस जीत के साथ मुंबई अंक तालिका में 10वें स्थान से 7वें स्थान पर पहुंच गया.
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने पूरे 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 199 रनों का स्कोर खड़ा किया. जिसमें तिलका वर्मा की 45 गेंद पर नाबाद 101 रनों की शानदार पारी शामिल है. अपनी पारी के दौरान उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के भी लगाए. इसके अलावा नमनधीर ने 32 गेंद मे्ं 45 रनों की अहम पारी खेली. गुजरात की तरफ से कगीसो रबाड़ा सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट हासिल किए.
199 रनों के जवाब में गुजरात के बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और पूरी टीम 15.5 ओवर में ही 100 रनों पर ढेर हो गई. मुंबई की तरफ से अश्वनी कुमार ने सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की. उन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. इसके अलावा गजनफर और सेंटनर के 2-2 विकेट मिले. जबकि बुमराह और हार्दिक एक-एक विकेट लेने में सफल रहे.
तिलक वर्मा को उनकी शानदार शतकीय पारी की वजह से प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया. इसके अलावा 45 गेंदों में शतक बनाकर तिलक वर्मा ने मुंबई के लिए सबसे तेज शतक बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली. जयसूर्या ने 2008 में मुंबई के लिए वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 45 गेंदों में शतक बनाया था.
मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज शतकों की लिस्ट में अब तिलक और जयसूर्या संयुक्त रूप से टॉप पर हैं. उनके बाद कैमरन ग्रीन का नंबर आता है, जिन्होंने 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 47 गेंदों में शतक जड़ा था, और सूर्यकुमार यादव का, जिन्होंने उसी सीजन में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 49 गेंदों में शतक बनाया था.

Previous articleबांग्लादेश ने दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड को हराया, सीरीज में 1-1 से बराबरी की
Next articleबीसीसीआई का मास्टर प्लान, श्रेयस अय्यर होंगे कप्तान, एक साथ दो टीमें उतरेंगी मैदान पर