मणिपुर में उग्रवादियों का हमला, रिटायर्ड जवान समेत दो की मौत, कई घायल

Join Us

 >>> यह हमला मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह के उखरुल दौरे के एक दिन बाद हुआ

इम्फाल,(ए.)। मणिपुर में बढ़ते तनाव के बीच फिर हिंसा की बड़ी घटना हुई। उखरुल जिले में नेशनल हाईवे-202 पर उग्रवादियों द्वारा किए गए घात लगाकर हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक सेवानिवृत्ति सेना का जवान भी शामिल है। इस मामले में तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि यह हमला लेइंगांगचिंग और टीएम कासोम के बीच हुआ, जब हथियारबंद हमलावरों ने इंफाल से उखरुल जा रहे एक काफिले पर गोलियां बरसाईं। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने दूर से स्नाइपर जैसे हथियार से निशाना साधा, जिससे यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हमले में जिन दो लोगों की मौत हुई है, उनमें एक रिटायर्ड आर्मी जवान शामिल है। एक अन्य घायल व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ा। वहीं, अन्य घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान ताशर गांव के नागा रेजिमेंट के रिटायर्ड जवान चाइना ओशांग शोकवुंगनाओ और खारासोम गांव के यारिंगम वाशुम के रूप में हुई है।
बता दें यह हमला मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह के उखरुल दौरे के एक दिन बाद हुआ। अपने दौरे के दौरान सीएम ने तांगखुल नागा और कुकी गांव वालों से मुलाकात की थी और फरवरी से दोनों समुदायों के बीच जारी हिंसा के बीच शांति बनाए रखने की अपील की थी। सीएम खेमचंद ने इन हत्याओं की निंदा करते हुए इन्हें निर्दोष लोगों की जान पर हमला बताया और कहा कि इस मामले की जांच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी को सौंप दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पीडि़तों के परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा। सीएम ने बताया कि सुरक्षा बलों ने हमलावरों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

Previous articleशांति वार्ता पर मंडराया संकट : नाकेबंदी से खफा ईरान नहीं भेजेगा डेलिगेशन? जेडी वेंस के शामिल होने पर भी संशय
Next articleएलपीजी संकट से सूरत में कारखाने बंद, लोग पलायन कर रहे; रेलवे स्टेशन पर उमड़ा जनसैलाब