राहुल गांधी ने पूर्व सैन्य अधिकारी की गोली लगने से मौत को लेकर उत्तराखंड सरकार पर साधा निशाना

Join Us

नई दिल्ली (आरएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राजधानी देहरादून में सेना के सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वीके जोशी की गोली लगने से मौत को लेकर उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान उठाए। उन्होंने रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत पर चिंता जताते हुए कहा कि उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। सरहद पर देश की रक्षा में जीवन समर्पित करने वाले ही आज अपने शहर में ही असुरक्षित हैं। आज उत्तराखंड, भाजपा के गैर-जिम्मेदार नेतृत्व में हिंसा, हत्या और भय के साये में सिमट कर रह गया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, देहरादून में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर वीके जोशी जी की दिनदहाड़े निर्मम हत्या साफ बताती है कि उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
सरहद पर देश की रक्षा में जीवन समर्पित करने वाले ही आज अपने शहर में ही असुरक्षित हैं, आम नागरिक और कई समुदाय डर कर जीने को मजबूर हैं।
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, भाजपा राज में सिर्फ अपराधी बेखौफ और महफूज़ है। कभी शांति और सुरक्षा की पहचान रहा है हमारा उत्तराखंड, आज भाजपा के गैर-जिम्मेदार नेतृत्व में हिंसा, हत्या और भय के साये में सिमट कर रह गया है।
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी पूर्व सैन्य अधिकारी की मौत को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने एक्स पोस्ट पर अपना वीडियो शेयर करते हुए लिखा, देहरादून में मॉर्निंग वॉक के दौरान ब्रिगेडियर जोशी को गोली लगने की घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का गंभीर संकेत है। एक समय था जब देहरादून और उत्तराखंड शांति और सुरक्षित माहौल के लिए पहचाने जाते थे, लेकिन आज अपराधियों के बढ़ते हौसले उस छवि को कमजोर कर रहे हैं। राजपुर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और देर रात चल रही व्यवस्थाओं पर लगातार सवाल उठते रहे हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही। सरकार को चाहिए कि कानून-व्यवस्था पर तुरंत ठोस कदम उठाए और प्रदेश की सुरक्षा एवं शांति बहाल करे।
बता दें कि राजधानी देहरादून के राजपुर पुलिस स्टेशन एरिया में रिटायर ब्रिगेडियर वीके जोशी की गोली लगने से मौत हो गई है। यह गोली उन्हें तब लगी जब वे सुबह टहलने के लिए निकले थे।
00

Previous articleमुख्यमंत्री डॉ. यादव आज करेंगे राज्य स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम-2026 “स्कूल चले हम” का शुभारंभ
Next articleईरान पर हो सकता है न्यूक्लियर हमला