ईरान की फुटबॉल टीम फीफा विश्व कप में नहीं लेगी हिस्सा, खेल मंत्री ने की घोषणा

Join Us

आगामी 11 जून से शुरू होने वाले फीफा विश्व कप 2026 में ईरान की फुटबॉल टीम हिस्सा नहीं लेगी। दरअसल, ये टूर्नामेंट अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है और ईरान ने इससे पीछे हटने का फैसला किया है। ईरान के खेल मंत्री ने अहमद दोन्यामाली ने अमेरिका के साथ इस समय चल रहे युद्ध के बीच ये ऐलान किया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा है।
खेल मंत्री दोन्यामाली ने कहा, यह देखते हुए कि इस भ्रष्ट सरकार (अमेरिका की) ने हमारे नेता की हत्या कर दी है, हम किसी भी हालत में फुटबॉल के विश्व कप में हिस्सा नहीं ले सकते। बता दें कि इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमला करने के कारण 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो गई थी।
हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की फुटबॉल टीम का विश्व कप में हिस्सा लेने का स्वागत किया था। दरअसल, बीते मंगलवार रात फीफा प्रेसिडेंट जियानी इन्फेंटिनो ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की थी। उस बैठक के बाद इन्फेंटिनो ने कहा, मैं अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मिला। हमने ईरान के मौजूदा हालात पर चर्चा की। बातचीत के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने दोहराया कि ईरानी फुटबॉल टीम का बेशक अमेरिका में टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए स्वागत है।
फीफा विश्व कप में हिस्सा नहीं लेने के बाद ईरान की फुटबॉल टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दरअसल, फीफा डिसिप्लिनरी कमेटी ईरान की टीम को सजा सुना सकती है। इन पाबंदियों में भविष्य के फीफा कॉम्पिटिशन से बाहर करना या किसी दूसरी एसोसिएशन से बदलना शामिल हो सकता है। ईरान ने 6 विश्व कप में हिस्सा लिया है, जिसमें ब्राजील, रूस और कतर में हुए पिछले 3 संस्करण शामिल हैं।
अगर ईरान टूर्नामेंट से हट जाता है, तो फीफा के क्वालिफिकेशन नियमों के मुताबिक पश्चिमी एशिया की अगली सबसे अच्छी रैंक वाली टीम उनकी जगह लेगी। अभी, कतर की रैंक ईरान से ठीक नीचे है, लेकिन वह पहले ही क्वालिफाई कर चुका है। इससे इराक, जो इस महीने के आखिर में इंटर-कन्फेडरेशन प्लेऑफ में खेलने वाला है, ईरान की जगह भरने का एक संभावित उम्मीदवार बन जाता है। इस बीच संयुक्त अरब अमीरात के पास भी मौका है।

Previous articleपाकिस्तान के खिलाफ वनडे में 5 विकेट हॉल लेने वाले दूसरे बांग्लादेशी गेंदबाज बने नाहिद राणा
Next articleशेयर बाजार में भूचाल : बाजार खुलते ही 5 सेकंड में स्वाहा हुए 5 लाख करोड़ रुपए, सेंसेक्स-निफ्टी औंधे मुंह गिरे