श्रीनगर (आरएनएस)। जम्मू से श्रीनगर तक सीधे वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। फिलहाल यह ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटरा रेलवे स्टेशन से श्रीनगर तक चल रही है, लेकिन जल्द ही इसे जम्मू तक बढ़ाया जा सकता है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर चल रहा निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। प्लेटफॉर्म का विस्तार, यात्री सुविधाओं में सुधार और सुरक्षा मानकों को पूरा करने के कारण सेवा शुरू होने में देरी हुई थी। अब काम अंतिम चरण में है और ट्रेन सेवा बहुत जल्द शुरू होने की संभावना है।वंदे भारत देश की आधुनिक अर्ध-उच्च गति वाली ट्रेनों में शामिल है। इसमें आरामदायक सीटें, वातानुकूलित डिब्बे, इंटरनेट सुविधा, बेहतर खानपान व्यवस्था और उन्नत सुरक्षा प्रबंध उपलब्ध हैं। कटरा से श्रीनगर का सफर अब करीब तीन घंटे से थोड़ा अधिक समय में पूरा हो जाता है, जबकि सडक़ मार्ग से यही दूरी तय करने में छह से सात घंटे या उससे अधिक समय लगता है। सूत्रों के मुताबिक, अगले सप्ताह या उससे पहले भी सेवा शुरू की जा सकती है। इससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बड़ा लाभ होगा। कश्मीर घाटी में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस सेवा का विस्तार महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कटरा-श्रीनगर मार्ग पर वंदे भारत ट्रेन की मांग लगातार बढ़ रही है। सर्दियों में बर्फबारी के बावजूद ट्रेन का संचालन जारी रहा, जिसे यात्रियों ने काफी सराहा। बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे डिब्बों की संख्या बढ़ाने की योजना बना रहा है। फिलहाल ट्रेन में 8 डिब्बे हैं, जिन्हें भविष्य में 20 तक बढ़ाया जा सकता है, ताकि अधिक यात्रियों को सुविधा मिल सके।








