भोपाल (निप्र)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, मूर्धन्य पत्रकार, कवि, लेखक एवं समाजसेवी स्वर्गीय विचित्र कुमार सिन्हा की स्मृति को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिये विचित्र कुमार सिन्हा स्मृति समिति विगत कई वर्षों से उनकी जन्मतिथि 14 फरवरी को गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन कर रही है। इस समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, वरिष्ठ राजनेता, पत्रकार, समाजसेवी, साहित्यसेवी, पत्रछायाकार को विचित्र कुमार सिन्हा सम्मान से विभूषित किया जाता है। इसी समारोह में स्व. गंगाप्रसाद श्रीवास्तव जी की स्मृति में कर्मठ प्रशासनिक अधिकारी को कुशल प्रशासक के रूप में एवं संस्था के संस्थापक स्व.विजय गुप्ता एडव्होकेट की स्मृति में श्रेष्ठ विधि सेवी को विधि सेवी सम्मान से साथ ही स्व. श्री रविंद्र पंड्या जी की स्मृति में कुशल जनसंचार सेवी को जनसंचार सेवी सम्मान से सम्मानित किया जाता है। कार्यक्रम प्रतिवर्ष 14 फरवरी को आयोजित किया जाता है जिसकी निरन्तरता को देखते हुए इस वर्ष भी 14 फरवरी 2026 दिन शनिवार को राज्य पशुपालन प्रशिक्षण संस्थान कोटरा सुल्तानाबाद लिंक रोड नं. 3 भोपाल में शाम 5.00 बजे से आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विश्वास कैलाश सारंग, कैबिनेट मंत्री मध्यप्रदेश, अध्यक्षता उमंग सिंघार नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री, विशिष्ट अतिथि श्रीमती माया नारोलिया सांसद राज्य सभा के सानिध्य में होगा।
इस वर्ष कार्यक्रम में जिन विभूतियों का सम्मान होना है उनमें शौर्य सम्मान- ग्रुप केप्टन स्वर्गीय श्री वरूण सिंह, कर्मठ राजनैतिज्ञ सम्मान- भगवानदास सबनानी, पत्रकारिता सम्मान- पंकज श्रीवास्तव, समाजसेवी सम्मान- गुरूदेव श्री सुदेश शांडिल्य, साहित्य सेवी सम्मान- दिनेश मालवीय, पत्र छायाकार सम्मान- अनिल दीक्षित, गंगाप्रसाद श्रीवास्तव स्मृति कुशल प्रशासक सम्मान- एस.एन. मिश्रा, विजय गुप्ता स्मृति विधिसेवी सम्मान- अशोक पांडे, रविंद्र पंड्या स्मृति जनसंचार सेवी सम्मान- अशोक मनवानी को प्रदान किया जायेगा।








