कांग्रेस करेगी तीन मंत्रियों का बहिष्कार
भोपाल (ए.)। 16 फरवरी से प्रारंभ हो रहा मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र हंगामेदार होने के पूरे आसार हैं। कांग्रेस ने तय किया है कि वह प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और विजय शाह का बहिष्कार करेगी। विधानसभा में इन्हें न बोलने दिया जाएगा और न ही इनकी बात सुनी जाएगी। कांग्रेस ने छिंदवाड़ा, बैतूल और पांढुर्णा में जहरीले कफ सीरप कोल्ड्रिफ के कारण 25 बच्चों की मौत, इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल से 35 लोगों की मौत के साथ सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर अशालीन टिप्पणी का मुद्दा उठाने की जोरदार तैयारी की है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का आरोप है कि कोल्ड्रिफ के कारण बच्चों की मौत हुई थी, लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय देख रहे उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी तरह इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित जल से 35 लोगों की मौत हो गई और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पद पर बने हुए हैं। कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर अशालीन टिप्पणी करने वाले जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह पर भी सरकार कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे साफ है कि सरकार इन मंत्रियों का बचाव कर रही है। ऐसे दागी मंत्रियों को लोकतंत्र के मंदिर (सदन) में बैठने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस सदन में इन्हें न बोलने देगी और न ही इनकी बात सुनी जाएगी।








