गाजियाबाद (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में साहिबाबाद स्थित भारत सिटी सोसायटी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तीन नाबालिग बहनों ने इमारत की नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस को मौके से आठ पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें तीनों बहनों ने अपनी मानसिक स्थिति और पारिवारिक परिस्थितियों का उल्लेख किया है।
पुलिस के अनुसार, तीनों बहनें लंबे समय से मोबाइल फोन पर कोरियन गेम्स और ड्रामा सीरियल देख रही थीं और धीरे-धीरे कोरियन संस्कृति से अत्यधिक प्रभावित हो गई थीं। उनका रहन-सहन, पहनावा, हेयर स्टाइल और व्यवहार भी उसी के अनुरूप हो गया था। करीब 15 दिन पहले पिता द्वारा मोबाइल फोन छीनकर बेच दिए जाने के बाद वे गहरे मानसिक तनाव में चली गईं। मंगलवार देर रात करीब पौने दो बजे तीनों ने नौवीं मंजिल स्थित फ्लैट की बालकनी से छलांग लगा दी। सुसाइड नोट में तीनों बहनों ने कोरियन स्टार्स और के-पॉप के प्रति अपनी गहरी दीवानगी का जिक्र किया है। उन्होंने अपने नाम बदलकर मारिया, एलिजा और सिंडी रख लिए थे। नोट के अनुसार, वे अपनी तीन साल की छोटी बहन देव्यांशी उर्फ देवु को भी कोरियन संस्कृति से जोडऩा चाहती थीं, जिसको लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। इस बात से वे आहत रहती थीं।
सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख है कि घर में रहने वाली छोटी मासी टीना को वे ‘मम्मी’ कहती थीं और उनसे भावनात्मक रूप से जुड़ी हुई थीं। तीनों बहनों का कहना था कि परिवार द्वारा उनके कोरियन और के-पॉप प्रेम को स्वीकार न किए जाने से वे खुद को अलग-थलग महसूस करने लगी थीं।
पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में बहनों ने लिखा है कि उन्हें अपनी पसंद और रुचियों को लेकर लगातार टोका जाता था, जिससे वे मानसिक रूप से टूट गईं। उन्होंने यह भी लिखा कि वे कोरियन और के-पॉप को अपने जीवन का अहम हिस्सा मानती थीं और इसी कारण खुद को परिवार से अलग महसूस करने लगी थीं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और सुसाइड नोट की सामग्री के आधार पर घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा है कि कोरियन एक्टर, के-पॉप ऑल ग्रुप एंड कोरियन मूवीज प्लस कोरियन बीएल ड्रामा, चाइना एक्टर, सांग व मूवीज प्लस चाइना बीएल ड्रामा, थाइलैंड एक्टर एंड थाइ सांग व थाई मूवीज प्लस थाई बीएल ड्रामा, जापान एक्टर एंड जापान सांग और जापान मूवीज प्लस जापान बीएल ड्रामा, अमेरिका एंड लंदन एक्टर प्लस मूवीज वेडनेसडे एडम्स, इंग्लिश आल सांग हॉलीवुड आल सांग, पोपी प्ले टाइम गेम आल आफ करैक्टर्स, द बेबी इन येलो गेम, इविल नन, आइसक्रीम मेन गेम, आइस गेम, टैक्नो गेमर्स गेम प्ले, डोरेमोन कार्टून, शिनचेन कार्टून, पीजे मास्क कार्टून, मशा एंड द बीयर कार्टून, शिमोर एंड शाइन कार्टून, पापा पीग कार्टून, प्रिसिंस एलसा एंड अहाबेला एंड सिनड्रेला अरायल एंड अरोरा जासमीन एंड रूपानजल मूलानन्द आल आफ प्रिंस एंड प्रिसिंस हमारी पसन्दीदा चीजें थीं, जिसे हम दिल से भी ज्यादा पसंद करते थे।








