प्रदेश के 20 जिलों में घना कोहरा, सुबह-शाम ठंड का असर ज्यादा

Join Us

भोपाल, (ए.) । पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम के असर से मध्य प्रदेश में बीते चार दिनों से ओले और बारिश का सिलसिला देखने को मिला। मंगलवार को भोपाल, ग्वालियर समेत 15 से अधिक जिलों में मौसम ने करवट ली, कहीं बारिश हुई तो कहीं ओलावृष्टि दर्ज की गई। आज बुधवार सुबह राज्य के करीब 20 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाया रहा। बुधवार सुबह भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोक नगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में मध्यम से लेकर घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने बताया कि 5 फरवरी को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में घने कोहरे की संभावना है। वहीं भोपाल, गुना, अशोक नगर, श्योपुर, शिवपुरी, विदिशा, रायसेन, सीहोर, उज्जैन, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर और देवास सहित कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर रह सकता है। 6 फरवरी को प्रदेश के कई जिलों में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। इस दिन भी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। मुरैना में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर लगभग 50 मीटर रह गई। सर्द हवाओं के कारण ठंड का असर बढ़ गया है। तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। ठंडी हवाओं के चलते मौसम और अधिक सुहावना हो गया है। तापमान में गिरावट से ठंडक बढ़ी है। राजधानी भोपाल में भी हल्का कोहरा देखने को मिला, जबकि तेज रफ्तार हवाओं के कारण ठंडक बनी रही। हवा की गति बढऩे से तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड अधिक असर दिखा रही है। ग्वालियर में बुधवार सुबह घने कोहरे ने पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया। हालात ऐसे रहे कि सुबह 7 बजे तक सडक़ों पर सन्नाटा पसरा रहा। वाहन चालकों को हाई बीम लाइट जलाकर चलना पड़ा। वहीं रीवा में भी सुबह 7 बजे तक घना कोहरा रहा और विजिबिलिटी घटकर 100 मीटर रह गई। कोहरे के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। इस दौरान तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 5 फरवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर मध्य प्रदेश में फिर देखने को मिलेगा। 10 फरवरी तक मावठा गिरने की संभावना जताई गई है। इससे पहले मंगलवार को ग्वालियर, मंदसौर, भोपाल, निवाड़ी, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, दतिया, मैहर, कटनी, मऊगंज, शिवपुरी, भिंड, राजगढ़, आगर-मालवा और गुना में मौसम बदला रहा। कई जगह ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरी, तो कहीं बारिश और आंधी चली। 22 से अधिक जिलों में कोहरे का असर रहा।

Previous articleलोकसभा में हगामें के चलते नहीं हो सका पीएम मोदी का संबोधन
Next articleमणिपुर में राष्ट्रपति शासन खत्म, युमनाम खेमचंद बने नए मुख्यमंत्री; राज्यपाल अजय भल्ला ने दिलाई शपथ