मध्य प्रदेश में बदला मौसम, वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि के आसार

Join Us

भोपाल,(निप्र.)। मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरे और ठंड के बीच रविवार को बारिश दर्ज की गई। ग्वालियर, मुरैना और धार जिलों में बारिश हुई, जबकि मौसम विभाग ने श्योपुर और मुरैना में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। आंधी की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। अगले चार दिनों तक प्रदेश में मावठा गिरने के संकेत हैं।मौसम विभाग ने भिंड, दतिया, श्योपुर, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा और राजगढ़ में आंधी और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। वहीं भोपाल, इंदौर, सागर, विदिशा, उज्जैन और रतलाम में बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है। इससे पहले छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में सुबह के समय मध्यम कोहरा देखने को मिला। भोपाल और इंदौर में भी कोहरे का असर रहा।2 फरवरी को ग्वालियर, भोपाल, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना। 3 फरवरी को ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 4 फरवरी को छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में बारिश का अलर्ट रहेगा, जबकि ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड और दतिया सहित कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। 2 से 5 फरवरी के बीच इसका प्रभाव अधिक रहेगा और 10 फरवरी तक कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। जेट स्ट्रीम हवाओं की वजह से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी और बारिश के बाद जब यह सिस्टम वापस लौटेगा, तब मध्य प्रदेश में ठंड का एक और दौर शुरू हो सकता है। दिन और रात के तापमान में और गिरावट के आसार हैं। शनिवार को ग्वालियर, रीवा और दतिया में घना कोहरा रहा, जबकि प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में मध्यम कोहरा छाया रहा। न्यूनतम तापमान के लिहाज से छतरपुर का खजुराहो सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी देखी गई।

Previous articleकांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय बजट को बताया कटौती, मंदी और छलावे का बजट
Next articleबलूचिस्तान हमलों को लेकर पाकिस्तान ने भारत पर लगाया आरोप, भारतीय विदेश मंत्रालय ने दिया मुंहतोड़ जवाब