यात्रियों को रुलाने वाली इंडिगो अब खुद रो रही! इतना बड़ा हुआ नुकसान

Join Us

नई दिल्ली (आरएनएस)। पिछला महीना हवाई यात्रियों के लिए बेहद परेशानी भरा रहा और इसका असर अब देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो के वित्तीय नतीजों में भी साफ दिखाई दे रहा है। उड़ानों के रद्द होने, एयरपोर्ट पर बढ़ती अव्यवस्था और ऑपरेशनल संकट ने न सिर्फ यात्रियों को परेशान किया, बल्कि कंपनी की कमाई पर भी गहरी चोट की है। इंटरग्लोब एविएशन द्वारा जारी दिसंबर तिमाही के नतीजों के मुताबिक, इंडिगो के मुनाफे में भारी गिरावट दर्ज की गई है। जहां पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 2,449 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था, वहीं इस बार यह आंकड़ा घटकर सिर्फ 550 करोड़ रुपये रह गया। यानी मुनाफे में करीब 78 प्रतिशत की गिरावट आई है।
तीन वजहों से बढ़ा दबाव
कंपनी ने मुनाफा घटने के पीछे तीन प्रमुख कारण गिनाए हैं। नए श्रम कानूनों के लागू होने से इंडिगो पर करीब 969 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ा। वहीं दिसंबर की शुरुआत में सामने आए ऑपरेशनल संकट और बड़े पैमाने पर उड़ानों के रद्द होने से कंपनी को लगभग 577 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी ने भी कंपनी की लागत बढ़ा दी।
कमाई बढ़ी, लेकिन मुनाफा फिसला
हालांकि मुनाफे में तेज गिरावट के बावजूद इंडिगो की कुल आय में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कंपनी का रेवेन्यू पिछले साल की तुलना में 6 प्रतिशत बढ़ा है। प्रबंधन का कहना है कि यदि श्रम कानूनों और ऑपरेशनल परेशानियों का असर न होता, तो कंपनी का मुनाफा 3,000 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता था। इस दौरान यात्रियों की संख्या में भी इजाफा देखने को मिला। तमाम शिकायतों और रद्द उड़ानों के बावजूद दिसंबर तिमाही में करीब 3.19 करोड़ यात्रियों ने इंडिगो से सफर किया, जो पिछले साल के मुकाबले 2.8 प्रतिशत अधिक है। हालांकि प्रति सीट मिलने वाली औसत कमाई में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
सीईओ बोले- चुनौतियां आईं, लेकिन स्थिति मजबूत
इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने माना कि दिसंबर की शुरुआत में आई ऑपरेशनल दिक्कतों के कारण कंपनी को कठिन हालात का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उड़ानों के रद्द होने से यात्रियों और कंपनी दोनों को नुकसान हुआ। हालांकि एल्बर्स ने भरोसा जताया कि इन चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने करीब 245 अरब रुपये का रेवेन्यू हासिल किया है, जो इंडिगो की मजबूत बाजार स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एयरलाइन नेटवर्क विस्तार और सेवा गुणवत्ता सुधार पर लगातार काम कर रही है, ताकि आने वाले समय में यात्रियों को ज्यादा भरोसेमंद और बेहतर अनुभव मिल सके।

Previous articleआज का राशिफल
Next articleरोकी गई माता वैष्णो देवी की यात्रा, पहाडिय़ों पर हो रही भारी बारिश और बर्फबारी