मध्य प्रदेश में मौसम बदलेगा करवट, कोहरे और मावठे के बाद बढ़ेगी ठिठुरन, गिरेगा तापमान

Join Us

भोपाल, (ए.)। मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है। 23 जनवरी शुक्रवार को प्रदेश के उत्तरी हिस्से में बारिश होने की संभावना है। जबकि 25 जनवरी से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सर्दी का असर तेज हो जाएगा।मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम और उत्तर भारत के साथ-साथ उत्तरप्रदेश के ऊपर दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं। इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) का भी असर बना हुआ है। इन सिस्टम्स के आगे बढऩे से उत्तरप्रदेश, बिहार सहित कई राज्यों में मौसम में बदलाव आया है। यही सिस्टम 24 जनवरी से मध्य प्रदेश में प्रभाव दिखाएंगे। इस दौरान बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि 23 जनवरी को प्रदेश के 7 जिलों ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि जैसे-जैसे ये सिस्टम आगे बढ़ेंगे, वैसे-वैसे रात के तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक नीचे जा सकता है। फिलहाल प्रदेश के उत्तरी इलाकों में कोहरे का प्रभाव बना हुआ है। गुरुवार सुबह ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में मध्यम कोहरा छाया रहा, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन सहित कई जिलों में हल्का कोहरा देखने को मिला। प्रदेश में ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है। बुधवार की रात मंदसौर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजगढ़ में 6.2 डिग्री, नौगांव में 7 डिग्री, शाजापुर में 7.1 डिग्री, कटनी के करौंदी में 7.6 डिग्री, दतिया में 7.9 डिग्री, खजुराहो में 8 डिग्री, रीवा में 8.2 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री और पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के पांच बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 10.8 डिग्री, इंदौर में 12.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री और जबलपुर में 12.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

 

Previous articleगणतंत्र दिवस : कर्तव्य पथ पर 30 झांकियां, 17 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों और 13 मंत्रालयों की दिखेगी झलक
Next articleजुबीन गर्ग हत्याकांड के तीन आरोपितों की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित