भाजपा को नया नेतृत्व संदेश : पीएम मोदी बोले—अब नितिन नवीन हमारे अध्यक्ष और मेरे भी बॉस

Join Us

नई दिल्ली(आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज से नितिन नवीन पार्टी के अध्यक्ष हैं और इस नाते वे सभी के लिए सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा, जब बात पार्टी की आती है तो मैं भी एक कार्यकर्ता हूं और नितिन नवीन मेरे बॉस हैं।
प्रधानमंत्री ने नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए कहा कि भाजपा व्यक्तियों से नहीं, बल्कि तय प्रक्रियाओं से चलने वाली पार्टी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा में पद से ज्यादा संगठन और प्रक्रिया का महत्व होता है। नए नेताओं के लिए भाजपा एक सशक्त मंच है, जहां सेवा की भावना सर्वोपरि रहती है और सत्ता केवल उस सेवा का माध्यम है।
पीएम मोदी ने नितिन नवीन को युवा, ऊर्जावान और संगठनात्मक अनुभव से भरपूर नेता बताया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी की भाषा में कहें तो नितिन नवीन एक तरह से मिलेनियल हैं—ऐसी पीढ़ी से आते हैं जिसने रेडियो के दौर से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक का सफर देखा है। यह अनुभव और ऊर्जा पार्टी के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।
प्रधानमंत्री ने पार्टी की संगठनात्मक मजबूती का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा अब नगर निगमों से लेकर संसद तक लोगों की पहली पसंद बन चुकी है। महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा का सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरना इसका उदाहरण है। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल और तेलंगाना जैसे राज्यों में भाजपा की मजबूत होती उपस्थिति की भी चर्चा की।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह के कार्यकाल में भाजपा पहली बार केंद्र में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई। अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी ने दोबारा पूर्ण बहुमत हासिल किया, जबकि जेपी नड्डा के अध्यक्ष रहते हुए भाजपा संसद से लेकर पंचायत तक और अधिक सशक्त हुई।
प्रधानमंत्री ने इस वर्ष जनसंघ की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लंबे सफर में काम करने वाली पीढिय़ों के लाखों कार्यकर्ताओं को वे नमन करते हैं। उन्होंने दोहराया कि भले ही वे तीन बार प्रधानमंत्री बने हों, लेकिन उनके लिए सबसे बड़ा गर्व आज भी पार्टी का कार्यकर्ता होना है।

Previous articleट्रंप ने शेयर की अमेरिकी झंडा फहराते हुए तस्वीर, नक्शे में कनाडा और वेनेजुएला को भी बताया अपना हिस्सा
Next articleरायबरेली में भाजपा सरकार पर जमकर बरसे राहुल गांधी