नई दिल्ली (आरएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आर. के. पुरम विधानसभा क्षेत्र में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों की शुरुआत की। इन कामों के तहत इलाके की सडक़ों को बनाया और ठीक किया जाएगा। पुरानी और जर्जर चौपालों की मरम्मत होगी, कम्युनिटी सेंटरों को नया रूप दिया जाएगा और पार्कों को सुंदर बनाया जाएगा। लोगों की सेहत के लिए पार्कों में ओपन जिम के उपकरण लगाए जाएंगे और जरूरत वाले स्थानों पर चारदीवारी भी बनाई जाएगी। इन विकास कार्यों से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आने-जाने की सुविधा, सुरक्षित सार्वजनिक स्थान, आधुनिक सामुदायिक सुविधाएं और साफ-सुथरा वातावरण मिलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि जब सूर्य नारायण भगवान अपनी दिशा परिवर्तन करते हैं, तब शुभ कार्यों की नई शुरुआत होती है। इसी शुभ अवसर पर आज आर. के. पुरम क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में सांसद और विधायक को सीमित फंड उपलब्ध होता था, जिसके कारण क्षेत्रीय विकास कार्य वर्षों तक अटके रहते थे। लेकिन पहली बार दिल्ली में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व और उनके आशीर्वाद से दिल्ली सरकार ने सभी जनप्रतिनिधियों को यह विश्वास दिया है कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।








