विजिबिलिटी शून्य,एक्यूआई 450 के पार… जहरीली हवा और ठंड की दोहरी मार; ग्रेप- 3 के नियम सख्ती से लागू

Join Us

नोएडा (आरएनएस)। शनिवार सुबह दिल्ली और एनसीआर के लोगों को एक बार फिर जबरदस्त घने कोहरे का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि कई इलाकों में विजिबिलिटी लगभग शून्य तक पहुंच गई। सडक़ों पर चलना मुश्किल हो गया, वहीं वाहन चालकों को धीमी रफ्तार में सफर करना पड़ा।
कई इलाकों में एक्यूआई 450 से ऊपर पहुंचने के कारण हवा बेहद जहरीली श्रेणी में बनी हुई है। प्रदूषण के लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने एक बार फिर ग्रेप- 3 के नियमों को सख्ती से लागू करना शुरू कर दिया है। निर्माण गतिविधियों पर रोक, डीजल वाहनों पर प्रतिबंध और औद्योगिक इकाइयों की निगरानी बढ़ा दी गई है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सुबह के समय घना कोहरा दर्ज किया गया और तापमान अधिकतम 22 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। कोहरे के साथ-साथ प्रदूषण ने भी एनसीआर की परेशानी बढ़ा दी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी), दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी), यूपीपीसीबी (यूपीपीसीबी) और आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक एनसीआर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गंभीर श्रेणी में पहुंच गया है।
नोएडा की बात करें तो सेक्टर-125 में एक्यूआई 381, सेक्टर-62 में 361, सेक्टर-1 में 418 और सेक्टर-116 में 375 दर्ज किया गया। वहीं गाजियाबाद में इंदिरापुरम का एक्यूआई 360, लोनी में 412, संजय नगर में 307 और वसुंधरा में 437 रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली के हालात और भी खराब नजर आए। आनंद विहार में एक्यूआई 450 तक पहुंच गया, जो बेहद चिंताजनक है। चांदनी चौक में 435, पटपडग़ंज में 440, नेहरू नगर में 425, पंजाबी बाग में 399, नॉर्थ कैंपस डीयू में 400, रोहिणी में 396, आरके पुरम में 379, बवाना में 368, ओखला फेज-2 में 367, अलीपुर में 352, अशोक विहार में 391, आया नगर में 322, डीटीयू में 353 और सीआरआरआई मथुरा रोड पर 308 एक्यूआई दर्ज किया गया।

 

Previous articleदेश को मिली पहली वंदे भारत स्लीपर की सौगात, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी; जानें किराया और कड़े नियम
Next articleमहाराष्ट्र निकाय चुनाव : हार के बाद ईवीएम पर सवाल, नाना पटोले बोले- बैलेट पेपर का होना चाहिए इस्तेमाल