मध्य प्रदेश में ठंड का असर बरकरार, लेकिन कोहरे से मिली राहत, ग्वालियर-कटनी रहे सबसे ठंडे

Join Us

भोपाल, (निप्र)। मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का सिलसिला जारी है, हालांकि बीते दिनों की तुलना में कई जिलों को घने कोहरे से राहत मिली है। अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना हुआ है। भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखा गया। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं का असर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में सबसे अधिक महसूस किया जा रहा है।मौसम विभाग के अनुसार, आज बुधवार को राज्य के ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन सहित बड़े शहरों में दिन में राहत जरूर मिलेगी, लेकिन रात का तापमान कम बना रहेगा। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के साथ सागर और रीवा संभाग में तेज सर्दी का असर अभी जारी रहेगा।बुधवार सुबह ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में मध्यम कोहरा छाया रहा। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, सीहोर, शाजापुर, देवास सहित 15 से अधिक जिलों में दृश्यता 2 से 4 किलोमीटर के बीच रही। मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और अगले चार दिनों तक यही स्थिति बने रहने की संभावना है। आज प्रदेश के किसी भी हिस्से में न तो शीतलहर का अलर्ट है और न ही कोल्ड डे की स्थिति।प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बर्फीली हवाओं के चलते तापमान काफी नीचे बना हुआ है। मंगलवार रात ग्वालियर, छतरपुर का नौगांव और कटनी का करौंदी सबसे ठंडे स्थान रहे। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, कटनी के करौंदी में 4.7 डिग्री, सतना के चित्रकूट में 5.3 डिग्री और नौगांव में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

Previous articleसोने के बाद अब सबरीमाला मंदिर में घी घोटाला, हाईकोर्ट ने दिए जांच के आदेश
Next articleदिग्विजय सिंह नहीं जाएंगे राज्यसभा, कई नेता दौड़ में, कमलनाथ को मिलेगा मौका