सीहोर। आगामी 12 से 16 जनवरी तक चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया सिविल सर्विस टेबल टेनिस चैम्पियनशिप में राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने हेतु मध्यप्रदेश की टीम का चयन किया गया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सीहोर जिला चिकित्सालय की डॉ. सोनल डागा (दंत चिकित्सक एवं आयुष्मान मेडिकल कोऑर्डिनेटर) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर स्थान प्राप्त किया है।
राज्य स्तरीय चयन प्रतियोगिता का आयोजन 3 एवं 4 जनवरी को टीटी नगर स्टेडियम, भोपाल में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के खिलाड़ियों के बीच कड़ा एवं रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। डॉ. सोनल डागा ने अपने शानदार खेल कौशल, तकनीकी दक्षता और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर फाइनल तक पहुँचकर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए अपना चयन सुनिश्चित किया।
चंडीगढ़ में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में डॉ. सोनल डागा मध्यप्रदेश महिला टीम की ओर से राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। वे स्वास्थ्य विभाग, मध्यप्रदेश से सिविल सर्विस टेबल टेनिस में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होने वाली एकमात्र महिला खिलाड़ी हैं, जो न केवल सीहोर जिले बल्कि पूरे विभाग के लिए गौरव का विषय है







