नर्मदापुरम/ कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार सिटी मजिस्ट्रेट श्री देवेंद्र सिंह ने देर रात बस स्टैंड एवं सेठानी घाट स्थित रैनबसेरा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठंड से बचाव हेतु कंबल, सोने के लिए बिस्तर सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने दोनों रैनबसेरा में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश सीएमओ श्रीमती हेमेशवरी पटले को दिए। उन्होंने कहा कि दोनों स्थानों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल उठाए जाएं, ताकि रैनबसेरा में ठहरने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही उन्होंने सीएमएचओ श्री नरसिंह गहलोत को निर्देशित किया कि दोनों रैनबसेरा केंद्रों पर फर्स्ट ऐड एवं आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर प्राथमिक स्वास्थ्य सहायता मिल सके।






