अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट में केंद्रीय गृह मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम संभाग की 30 नई औद्योगिक इकाइयों का भूमि पूजन किया

Join Us

देश विदेश से आने वाले निवेशकों को जिला प्रशासन सभी फैसिलिटी मुहैया करा रहा है – कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना

कलेक्टर ने रोजगार सृजन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नर्मदापुरम संभाग के पांच उद्योगपतियों को सम्मानित किया

नर्मदापुरम/केंद्रीय गृहमंत्री एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने गुरुवार को ग्वालियर में आयोजित अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट में प्रदेश भर में 2 लाख 15000 करोड़ रुपए से अधिक के औद्योगिक एवं अन्य विभागों की परियोजनाओं का भूमि पूजन और लोकार्पण किया। समिट में गृहमंत्री श्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने नर्मदापुरम संभाग के औद्योगिक क्षेत्र में 30 नई औद्योगिक इकाइयों का भूमि पूजन किया इससे क्षेत्र में लगभग 45 हजार 500 करोड़ रुपए का निवेश आएगा तथा इन परियोजनाओं के स्थापित होने से लगभग 18 हजार लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी प्राप्त होगा।

इस अवसर पर ग्वालियर में आयोजित अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्रोथ समिट का सीधा प्रसारण नर्मदापुरम जिले में भी किया गया। इटारसी में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने नर्मदापुरम संभाग के सभी जिलों से आए उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्मदापुरम जिले में रीजनल इंडस्ट्री कान्क्लेव का आयोजन किया गया था जिसमें उद्योगपतियों को जिले में औद्योगिक इकाई स्थापित करने के अवसर दिए गए हैं, आने वाले दिनों में जिले में नवकरणीय ऊर्जा और मैन्युफैक्चरिंग पर विशेष रूप से फोकस रहेगा। मुहासा और बाबई में फेस वन एवं फेस टू में भी कार्य हो रहा है। रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के बाद विभिन्न इक्वियूमेंट की मैन्युफैक्चरिंग के लिए देश-विदेश से उद्योगपति आकर यहां पर निवेश कर रहे हैं। कलेक्टर ने कहा कि देश विदेश से आने वाले उद्योगपतियों के लिए जिला प्रशासन सभी फैसिलिटी उपलब्ध करा रहा है। देश और विदेश से जो भी उद्योगपति आते हैं उन्हें हर तरह की सुविधा चाहे वह भू अर्जन की कार्रवाई हो, चाहे भूमि आवंटन की कार्रवाई हो और अन्य बेसिक मूलभूत सुविधा और आधारभूत ढांचा खड़ा करने में जिला प्रशासन उद्योगपतियों की हर संभव मदद कर रहा है। कलेक्टर ने कहा कि आने वाले समय में जिले में मुख्य रूप से ऊर्जा और नवकरणीय ऊर्जा, विभिन्न उपकरणों के निवेश होना है, इसके लिए कंपनी भी आ रही है। कलेक्टर ने कहा कि जिले में जो भी निवेश आ रहा है इसके लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की सक्रिय सोच और विजन है। जिसमें जिला प्रशासन सभी उद्योगपतियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रहा है।

कलेक्टर ने बताया कि जिले के औद्योगिक क्षेत्र में भी गत 2 वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इस अवधि में क्षेत्र में 24 नई औद्योगिक इकाइयां सफलतापूर्वक स्थापित हुई है। इन इकाइयों के माध्यम से क्षेत्र में 640 करोड रुपए का निवेश आया है और 700 से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज नर्मदापुरम संभाग की 30 नई औद्योगिक इकाइयों का भूमि पूजन किया गया है। इससे लगभग 18 हजार लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। कलेक्टर ने कहा कि एमपीआईडीसी का क्षेत्रीय कार्यालय भी जिले में स्थापित किया गया है। कलेक्टर ने कहां की नर्मदापुरम जिले में जिस तरह का औद्योगिक विकास हुआ है वह एक आदर्श मॉडल है। जो भी औद्योगिक विकास हुआ है उसमें पर्यावरण संरक्षण और लोगों को ध्यान में रखते हुए हुआ है। नर्मदापुरम जिले के अंतर्गत एमपीआईडीसी के चार औद्योगिक क्षेत्र आते हैं जिनमें मुख्य रूप से औद्योगिक क्षेत्र मुहासा व बाबई फेस वन एवं फेस टू है। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र किरतपुर औद्योगिक क्षेत्र फूड पार्क पिपरिया एवं औद्योगिक क्षेत्र फूड पार्क बाबई है।

कलेक्टर ने रोजगार सृजन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले उद्योगपतियों को किया सम्मानित

इस अवसर पर कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने रोजगार सृजन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नर्मदापुरम संभाग के 05 प्रमुख निवेशकों एवं उद्योगपतियों को सम्मानित किया। कलेक्टर ने मेसर्स दुदानी ग्रुप के मयंक दुदानी जिन्होंने पिपरिया में फूड पार्क स्थापित किया है को सम्मानित किया। इसी क्रम में उन्होंने मेसर्स भगवती एग्रो केम प्राइवेट लिमिटेड के राहुल मित्तल को जिन्होंने मुहासा बाबई फेस वन में निवेश किया है को सम्मानित किया। कलेक्टर ने मैसेज एक्सप्रेस न्यूट्रीमेटस प्राइवेट लिमिटेड के श्री एस बी पांडे जिन्होंने किरतपुर में, मेसर्स रिच फॉर्म एग्रो एक्सपोर्टर्स के नितिन कन्या लाल सावलानी जिन्होंने किरतपुर में तथा मेसर्स जय मारुति फूड्स के अमनदीप सिंह जिन्होंने पिपरिया में निवेश किया है, इंडस्ट्री स्थापित की है उन्हें प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

इटारसी में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती राधा बाई पटेल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हिमांशु जैन, संयुक्त आयुक्त विकास श्री जी सी दोहर, एमपीआईडीसी के मुख्य महाप्रबंधक श्री अजय श्रीवास्तव, अस्सिटेंट इंजीनियर श्री राजीव शर्मा, प्रबंधक श्री वैभव गुप्ता, कनिष्ठ यंत्री श्री शंभू सिंह, जीएम डीआईसी नर्मदापुरम श्री प्रकाश इंदौरे, असिस्टेंट मैनेजर श्री हर्ष, जीएम डीआईसी हरदा मेघा सुमन, डीआईसी बैतूल की असिस्टेंट मैनेजर सुश्री प्रियंका पाटिल, श्री अखिलेश तायवाड़े, इटारसी औद्योगिक संघ के अध्यक्ष श्री मोहन खंडेलवाल, किशनपुरा औद्योगिक क्षेत्र के अध्यक्ष श्री रामचंद्र नवलानी,, बैतूल उद्योग संघ के अध्यक्ष श्री आशीष पांडे एवं अन्य उद्योगपति गण। एमएसएमई के व्यवसायी गण उपस्थित रहे।

विधायक डॉक्टर सीतासरन शर्मा ने क्षेत्र में निवेश के लिए उद्योगपतियों को धन्यवाद ज्ञापित किया

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉक्टर सीतासरन शर्मा ने क्षेत्र में निवेश के लिए सभी उद्योगपतियों को धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि उद्योगपतियों के निवेश से क्षेत्र में शीघ्र ही विकास का पंख लगेंगे। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले उद्योगपतियों को जिले में सभी सुविधाएं एवं बेहतर वातावरण दिया जा रहा है। उन्होंने सभी उद्योगपतियों से अधिक से अधिक निवेश करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने मैसर्स भगवती एग्रो केम प्राइवेट लिमिटेड के योगेश कुमार गुप्ता को तथा मेसर्स रिच फॉर्म एक्सपोर्टर्स प्राइवेट लिमिटेड के शिवभूषण को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

Previous articleउपभोक्ता संरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैलेश पटेल का किया स्वागत
Next articleई-जीरो एफआईआर व्यवस्था से सायबर अपराध पर कसेगा शिकंजा