कांटे के मुकाबले में सीहोर बाइज-सीहोर क्लब 1-1 पर ड्रा
सीहोर। शहर सहित आस-पास के खिलाड़ियों को मंच देने के लिए जिला फुटबाल एसोसिएशन के तत्वाधान में गुरुवार से चर्च मैदान पर आरंभ हुए जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का पहला मैच कांटे का रहा। इस मैच में सीहोर बाइज और सीहोर क्लब की टीम 1-1 से बराबरी पर रही।
गुरुवार की शाम को प्रतियोगिता के अंतर्गत एक ही मैच खेला गया था। जिसमें सीहोर बाइज की ओर से लक्की सूर्यवंशी और सीहोर क्लब की ओर से रोहित ने एक गोल किया। एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने कहाकि शुक्रवार की शाम को दो मैच खेले जाऐंगे। इसमें पहला मैच सीहोर चिल्ड्रन-सीहोर ग्रीन और दूसरा मैच सीहोर गर्ल्स-सीहोर रेड के मध्य खेला जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ अभिभाषक संघ के अध्यक्ष अनिल पारे ने किया। इस मौके पर नेशनल रैफरी विजेन्द्र परमार, बाक्सिंग में पदक प्राप्त करने वाली प्रतिज्ञा कुशवाहा और रेखा कुशवाहा का भी सम्मान किया गया। इस मौके पर मनोज कन्नोजिया, राजा शर्मा, विपिन पवार, अरुण राठौर आदि शामिल थे।








