ढाका(ए)। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस गंभीर और आंतरिक चुनौतियों का सामना कर रहे है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस इंकलाब मंच ने इस सरकार को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, अब वही संगठन इसे सत्ता से हटाने के लिए आंदोलन शुरू करने की धमकी दे रहा है। यह तनाव संगठन के प्रमुख प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद पैदा हुआ है, जिनके हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच ठन गई है। हालातों को देखकर कहा जाने लगा है कि अंतरिम सरकार अब ज्यादा दिन की नहीं है।
इंकलाब मंच ने सरकार को दोषियों की गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, जिसकी समयसीमा बीतने के बाद संगठन ने कड़ा रुख अपनाया है। पदाधिकारियों का आरोप है कि गृह मंत्रालय और संबंधित अधिकारी इस मामले में सुस्ती बरत रहे हैं। संगठन के नेता अब्दुल्ला अल जाबर के अनुसार, अल्टीमेटम गुजर जाने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। प्रदर्शनकारियों का यह भी मानना है कि मंत्रालय की ब्रीफिंग से वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति इस घटना की गंभीरता को कम करने की एक सोची-समझी कोशिश थी।








